बालूमाथ में पीएलएफआई के दो उग्रवादी गिरफ्तार, हथियार और चोरी की बाइक बरामद
लातेहार: बालूमाथ थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से एक देसी पिस्तौल, तीन जिंदा कारतूस और चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
गिरफ्तार उग्रवादियों की पहचान संजय सिंह और मोहम्मद शहजाद के रूप में हुई है। दोनों लोहरदगा जिले के निवासी बताए गए हैं।
डीएसपी उमेश कुमार सिंह ने गुरुवार को बताया कि पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव को गुप्त सूचना मिली थी कि पीएलएफआई के उग्रवादी चंदवा की ओर से बाइक पर सवार होकर बालूमाथ आ रहे हैं और किसी हिंसक वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर विशेष पुलिस टीम गठित कर बालूमाथ थाना क्षेत्र के मकईयाटांड़ पुलिस पिकेट के पास वाहन जांच अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान चंदवा की ओर से आ रहे बाइक सवार दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे, लेकिन जवानों ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से एक देसी पिस्तौल, तीन जिंदा कारतूस और चोरी की बाइक बरामद हुई।
पूछताछ में दोनों ने खुद को पीएलएफआई का सदस्य बताया। उन्होंने स्वीकार किया कि संगठन के कमांडर बादल के निर्देश पर वे बालूमाथ और बरियातू क्षेत्र में दहशत फैलाने तथा लेवी वसूली के उद्देश्य से हिंसक घटना को अंजाम देने पहुंचे थे।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार उग्रवादियों से पूछताछ जारी है। उनके नेटवर्क, अन्य सहयोगियों और संगठन की गतिविधियों के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
