अल्पसंख्यक छात्रवृत्ति योजना में कथित गड़बड़ी की जांच तेज, रामगढ़ पहुंची एसीबी की टीम

रामगढ़: अल्पसंख्यक छात्रवृत्ति (स्कॉलरशिप) योजना में कथित अनियमितताओं और संभावित घोटाले की जांच के सिलसिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम गुरुवार को रामगढ़ पहुंची। राज्य सरकार के निर्देश पर चल रही जांच के तहत टीम ने जिला कल्याण विभाग के कार्यालय में दस्तावेजों की विस्तृत जांच की।
एसीबी की हजारीबाग इकाई की टीम ने छात्रवृत्ति योजना से संबंधित अभिलेखों का सत्यापन किया और कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों की पड़ताल की। जांच के दौरान कुछ दस्तावेजों को आगे की जांच के लिए अपने साथ भी ले जाया गया।
एसीबी, हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक आरिफ एकराम ने बताया कि मामले की जांच प्रक्रिया जारी है। जांच पूरी होने के बाद विस्तृत रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंप दी जाएगी।
गौरतलब है कि अल्पसंख्यक समुदाय के विद्यार्थियों को दी जाने वाली छात्रवृत्ति योजना में अनियमितताओं की शिकायतों के बाद सरकार ने पूरे मामले की जांच एसीबी को सौंपी है। जांच एजेंसी वित्तीय लेन-देन और दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल कर रही है।
