Home

महिला से सामूहिक दुष्कर्म के दो आरोपित छह घंटे में गिरफ्तार

पुलिस ने बाइक, मोबाइल और अन्य साक्ष्य किए बरामद, पीड़िता का इलाज जारी

जमशेदपुर, 9 जुलाई। पूर्वी सिंहभूम जिले के एमजीएम थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों नामजद आरोपितों को घटना के छह घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान ओम प्रकाश (38) और जितेंद्र कुमार शर्मा उर्फ छोटू शर्मा (26) के रूप में हुई है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन तथा घटनास्थल से अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं।

ग्रामीण पुलिस अधीक्षक शुभम खंडेलवाल ने गुरुवार को आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि बुधवार देर रात डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि सिमुलडांगा गांव के समीप एक महिला अचेत अवस्था में पड़ी है। सूचना मिलते ही एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।

पीड़िता के बयान पर दर्ज हुई प्राथमिकी

पुलिस के अनुसार, पीड़िता के बयान के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि दोनों आरोपित उसे मोटरसाइकिल से सुनसान इलाके में ले गए, जहां उसके साथ कथित रूप से सामूहिक दुष्कर्म किया गया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की गई, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ग्रामीण एसपी की निगरानी में विशेष जांच टीम का गठन किया गया। तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने लगातार छापेमारी कर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने में जुटी पुलिस

पुलिस ने बताया कि मामले में वैज्ञानिक एवं विधिक साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है और उसे आवश्यक सुरक्षा व उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। गिरफ्तार दोनों आरोपितों को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच तेजी से जारी है और उपलब्ध सभी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *