रांची

TSPC ने ली मैक्लुस्कीगंज में फायरिंग की जिम्मेदारी, प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी धमकी

गोलीबारी

Ranchi : मैक्लुस्कीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत मुंडाधौड़ा गांव में बीते गुरुवार की सुबह हुई गोलीबारी की घटना की जिम्मेदारी उग्रवादी संगठन टीएसपीसी (TSPC) ने ली है। संगठन की ओर से एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इस घटना को अंजाम देने की बात कही गई है। प्रेस विज्ञप्ति में संगठन के सदस्य ऋषिकेश द्वारा जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है।

प्रेस विज्ञप्ति में लिखा गया है कि गुरुवार की सुबह करीब 6 बजे मुंडाधौड़ा क्षेत्र में लिपटर और पिपरवार के कांटा घर के पास फायरिंग की गई, जिसमें वसुदेव गंगू को गोली लगने की बात कही गई है। साथ ही संगठन ने यह भी दावा किया है कि यह घटना एन.के. और पिपरवार-अशोका क्षेत्र में काम करने वाले डियो होल्डर, लिपटर, ट्रांसपोर्टर और डंप कमिटी द्वारा संगठन को नजरअंदाज करने के कारण की गई।

संगठन ने प्रेस विज्ञप्ति में कोयलांचल क्षेत्र के कई इलाकों में काम करने वाले ट्रांसपोर्टर, डंप कमिटी, ट्रक एवं हाइवा मालिक, ड्राइवर, खलासी, ईंट भट्ठा मालिक और छोटे-बड़े ठेकेदारों को चेतावनी देते हुए कहा है कि संगठन से बात कर ही काम शुरू करें, अन्यथा गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।

मुंडाधौड़ा में नसीम खान के घर पर हुई थी फायरिंग
मालूम हो कि गुरुवार की अहले सुबह मुंडाधौड़ा गांव में उस समय दहशत फैल गई थी जब अज्ञात अपराधियों ने ग्रामीण नसीम खान के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। घटना सुबह करीब 6:05 बजे की बताई गई थी। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, अपराधी दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए थे और नसीम खान के घर के बाहर करीब चार राउंड गोली चलाई। इसके बाद वे मौके से फरार हो गए। फायरिंग के दौरान अपराधियों ने कथित रूप से धमकी दी थी कि “पैसा नहीं दोगे तो इसी तरह होता रहेगा”, जिससे घटना को रंगदारी से जोड़कर भी देखा जा रहा है।

ड्राइवर हैं नसीम खान, नहीं बताया कोई पुराना विवाद
घटना के संबंध में नसीम खान ने बताया कि वे पेशे से ड्राइवर हैं और उनका किसी से कोई स्पष्ट विवाद नहीं है। अचानक हुई इस फायरिंग से परिवार में डर का माहौल बन गया है। गांव में भी लोग सहमे हुए हैं।

पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही मैक्लुस्कीगंज थाना प्रभारी धनंजय बैठा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की तथा फायरिंग के कारणों का पता लगाने में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और प्रेस विज्ञप्ति की सत्यता की भी पुष्टि की जा रही है। फिलहाल इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और संदिग्धों की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *