बिहार

नीतीश कुमार बने राज्यसभा सांसद, ली शपथ

नीतीश कुमार 

New Delhi : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब राज्यसभा सांसद बन गए हैं। शुक्रवार को उन्होंने राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली। इस मौके पर बीजेपी और जेडीयू के कई बड़े नेता मौजूद रहे। शपथ के साथ ही उनकी नई राजनीतिक भूमिका की शुरुआत हो गई है।

चारों सदन के सदस्य बनने का रिकॉर्ड
नीतीश कुमार ने एक खास रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है। लोकसभा, विधानसभा और विधान परिषद के बाद अब वे राज्यसभा के भी सदस्य बन गए हैं। इस तरह वे चारों सदनों के सदस्य बनने वाले चुनिंदा नेताओं में शामिल हो गए हैं। यह उनका पहला मौका है जब वे राज्यसभा पहुंचे हैं।

आज मोदी-शाह से मुलाकात संभव
सूत्रों के मुताबिक, आज ही नीतीश कुमार की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात हो सकती है। इस मुलाकात को बिहार की राजनीति के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।

सीएम पद छोड़ने के संकेत
राज्यसभा सदस्य बनने के बाद अब यह चर्चा तेज हो गई है कि नीतीश कुमार जल्द ही मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं। खुद नीतीश कुमार ने भी दिल्ली पहुंचने पर कहा था कि अब वे यहीं रहकर काम करेंगे। उन्होंने इशारा दिया कि अगले कुछ दिनों में बिहार जाकर जिम्मेदारियों को व्यवस्थित करेंगे और नई व्यवस्था तय की जाएगी।

बिहार में नए सीएम को लेकर हलचल
नीतीश कुमार के इस कदम के बाद बिहार में नए मुख्यमंत्री को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि एनडीए जल्द ही नए चेहरे पर फैसला ले सकती है।

बीजेपी की बैठक में होगा फैसला?
दिल्ली में आज बीजेपी की कोर कमेटी की अहम बैठक भी होने वाली है। इसमें केंद्रीय नेतृत्व के साथ बिहार के राजनीतिक हालात और नए मुख्यमंत्री के नाम पर चर्चा हो सकती है। ऐसे में आने वाले कुछ दिन बिहार की राजनीति के लिए बेहद अहम माने जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *