ट्रॉफी लॉन्च सेरेमनी सम्पन्न : 28वीं सब जूनियर नेशनल सेपक टकरा चैंपियनशिप की तैयारियाँ अंतिम चरण में
रांची: राजधानी रांची में 28वीं सब जूनियर नेशनल सेपक टकरा चैंपियनशिप के ट्रॉफी अनावरण समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों के विजेता खिलाड़ियों और टीमों को दी जाने वाली ट्रॉफियों का अनावरण किया गया। साथ ही विजेताओं को प्रदान किए जाने वाले पदकों का भी प्रदर्शन किया गया।
समारोह के दौरान आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
बताया गया कि 28वीं सब जूनियर नेशनल सेपक टकरा चैंपियनशिप का आयोजन 23 से 27 मार्च तक ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव इंडोर स्टेडियम, रांची में किया जाएगा। प्रतियोगिता में देश के करीब 30 राज्यों एवं इकाइयों से लगभग 700 खिलाड़ी, कोच और अधिकारी हिस्सा लेंगे।
पदाधिकारियों ने कहा कि इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता के आयोजन से झारखंड में सेपक टकरा खेल को नई पहचान और प्रोत्साहन मिलेगा। साथ ही यह आयोजन राज्य को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर और मजबूत पहचान दिलाने में भी सहायक होगा।
इस अवसर पर सेपक टकरा एसोसिएशन ऑफ झारखंड के सुनील सूर्यात, मिथलेश साहू, मनोज कुमार महतो, राजीव रंजन, रत्नेश कुमार, अमरेंद्र दत्त द्विवेदी, उदय साहू, विभूति भूषण अमर, चंचल भट्टाचार्य, अनिका सिंह, शैलेन्द्र कुमार, राजकुमार जैन, अजित सिन्हा, मनोज साहू, उमा रानी, संजय कुमार साहू, बुल्लू गोप, मनोज गुप्ता, शिवेंद्र दुबे, सुनील यादव, कुणाल साह, आशेष कुमार और कौशिक दत्ता सहित कई सदस्य उपस्थित थे।
