Home

खूंटी के बिरसा पार्क में भगवान बिरसा मुंडा को दी गई श्रद्धांजलि, पूर्व मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा ने किया नमन

-जल-जंगल-जमीन और आदिवासी अस्मिता की रक्षा के लिए बिरसा मुंडा के संघर्ष को किया याद

खूंटी, 15 नवंबर । झारखंड स्थापना दिवस और धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर रविवार को खूंटी स्थित बिरसा पार्क में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पूर्व मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिलाध्यक्ष आनंद कुमार और पूर्व जिलाध्यक्ष काशीनाथ महतो सहित कई गणमान्य लोगों ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर नीलकंठ सिंह मुंडा ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन संघर्ष, साहस और स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष करते हुए आदिवासी समाज के अधिकारों, जल-जंगल-जमीन और सांस्कृतिक अस्मिता की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनका योगदान केवल झारखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के इतिहास में सदैव स्मरणीय रहेगा।

उन्होंने कहा कि झारखंड स्थापना दिवस और बिरसा जयंती राज्य के गौरवशाली इतिहास, वीर शहीदों के बलिदान और उनके सपनों को याद करने का अवसर है। ऐसे मौके पर भगवान बिरसा मुंडा के सिद्धांतों और आदर्शों को आत्मसात करने की आवश्यकता है।

कार्यक्रम में विनोद नाग, तेतरु महतो, राजेश नाग, देवेंद्र महतो और मंगरा मुंडा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने धरती आबा के आदर्शों, संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करते हुए उनके प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *