रांची

जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी : राज्यपाल

राज्यपाल संतोष गंगवार ने उलिहातु पहुंचकर भगवान बिरसा मुंडा को दी श्रद्धांजलि

खूंटी, 15 नवंबर । झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने रविवार को धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर उनकी जन्मस्थली उलिहातु पहुंचकर प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और श्रद्धा-सुमन अर्पित किए। इस दौरान उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के वंशजों से भी मुलाकात की।

राज्यपाल ने उलिहातु में इस अवसर पर आयोजित ‘राजकीय बिरसा महोत्सव-2026’ को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन साहस, संघर्ष और स्वाभिमान की प्रेरणादायी गाथा है। उन्होंने जनजातीय समाज को अपने अधिकारों, अस्मिता और स्वाभिमान की रक्षा के लिए जागरूक एवं संगठित किया। उनका जीवन अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने की प्रेरणा देता है।

राज्यपाल ने कहा कि झारखंड वीरों और बलिदानियों की भूमि है। भगवान बिरसा मुंडा के साथ सिद्धू-कान्हू, नीलांबर-पीतांबर, फूलो-झानो, चांद-भैरव और वीर बुधु भगत जैसे अनेक जननायकों ने देश और समाज के लिए अपना सर्वस्व समर्पित किया। उनका संघर्ष और बलिदान हमारी गौरवशाली विरासत का अभिन्न अंग है। इन जननायकों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के लिए काम किया जाए।

उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास और राष्ट्र निर्माण में उसके योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान एवं पहचान दिलाने की महत्वपूर्ण पहल की है। इससे नई पीढ़ी को जनजातीय नायकों के संघर्ष, बलिदान और प्रेरणादायी विरासत से परिचित होने का बेहतर अवसर मिला है।

राज्यपाल ने झारखंड स्थापना दिवस पर राज्यवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वर्ष 2000 में लंबे संघर्ष और जनआकांक्षाओं के परिणामस्वरूप झारखंड अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आया। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने अलग राज्य के गठन का ऐतिहासिक निर्णय लिया था। राज्य स्थापना के 26 वर्ष पूरे होने पर अब तक की उपलब्धियों का मूल्यांकन करते हुए भविष्य की प्राथमिकताएं तय करनी चाहिए। यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और अलग राज्य के गठन के पीछे निहित जनआकांक्षाएं पूरी हों।

उन्होंने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार आवश्यक है। बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और युवाओं को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिलने चाहिए। साथ ही, विकास की प्रक्रिया में जनजातीय समाज की भाषा, संस्कृति, परंपराओं और विशिष्ट पहचान का संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

राज्यपाल ने कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के आदर्श केवल स्मरण तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि वे लोगों के कार्यों और संकल्पों में भी दिखाई देने चाहिए। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर झारखंड के विकास, जनजातीय समाज के उत्थान और राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए मिलकर काम करना होगा। सामूहिक प्रयासों से ही विकसित झारखंड का लक्ष्य हासिल किया जा सकेगा और ‘विकसित भारत-2047’ के निर्माण में राज्य प्रभावी योगदान दे सकेगा।

राज्यपाल ने कहा कि आज छठ महापर्व का संध्या अर्घ्य भी है। उन्होंने सभी छठव्रतियों और श्रद्धालुओं को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व अब भारत की सीमाओं से आगे बढ़कर विश्व के अनेक देशों में भी श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जा रहा है। सूर्योपासना का यह पर्व प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, स्वच्छता, अनुशासन और सामूहिक आस्था का संदेश देता है। उन्होंने भगवान भास्कर और छठी मैया से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *