खेल

राष्ट्रीय सीनियर पुरुष हॉकी चैंपियनशिप के लिए झारखंड टीम का ट्रायल संपन्न, 52 खिलाड़ी शामिल

रांची, 30 अगस्त। 10 से 22 सितंबर 2026 तक राउरकेला, ओडिशा में आयोजित होने वाली 16वीं हॉकी इंडिया सीनियर पुरुष हॉकी चैंपियनशिप 2026 के लिए झारखंड पुरुष हॉकी टीम का चयन ट्रायल रविवार को मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, मोरहाबादी में संपन्न हुआ। ट्रायल में राज्य के विभिन्न जिलों और संस्थानों से 52 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

ट्रायल में सिमडेगा, गुमला, खूंटी, हजारीबाग के अलावा नवल टाटा हॉकी अकादमी, रेलवे सहित विभिन्न संस्थानों के खिलाड़ी शामिल हुए। चयनकर्ताओं और हॉकी विशेषज्ञों ने कई घंटे तक खिलाड़ियों के प्रदर्शन, फिटनेस, तकनीकी क्षमता और टीम संयोजन का बारीकी से आकलन किया।

52 में से 33 खिलाड़ियों का चयन

ट्रायल में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर 33 खिलाड़ियों का चयन किया गया है। चयनित खिलाड़ियों के लिए राष्ट्रीय चैंपियनशिप से करीब 15 दिन पहले विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर के दौरान खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर अंतिम 18 सदस्यीय टीम का चयन किया जाएगा। यही टीम राउरकेला में होने वाली राष्ट्रीय सीनियर पुरुष हॉकी चैंपियनशिप में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेगी।

ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। चयन प्रक्रिया में खिलाड़ियों की फिटनेस, तकनीकी दक्षता, खेल कौशल और टीम में संतुलन बनाने की क्षमता को विशेष महत्व दिया गया।

इस अवसर पर हॉकी झारखंड के मनोज कोनबेगी, असरिता लकड़ा, झारखंड की पहली अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी खिलाड़ी सावित्री पूर्ति, गुरमीत सिंह राव, विजय शंकर सिंह, नॉरबर्ट कुजूर, दुलारी टोपनो, मनोज प्रधान, प्रमोद केरकेट्टा, अभिषेक साहू सहित हॉकी झारखंड के अन्य पदाधिकारी और खेल विशेषज्ञ मौजूद रहे।

हॉकी झारखंड ने चयनित खिलाड़ियों को आगामी प्रशिक्षण शिविर के लिए शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि अंतिम टीम राष्ट्रीय प्रतियोगिता में राज्य का मजबूत प्रतिनिधित्व करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *