होली में सफर होगा आसान : रांची-झंझारपुर के बीच 22 कोच की स्पेशल ट्रेन का ऐलान

Ranchi : होली के मौके पर घर जाने वालों के लिए अच्छी खबर है। यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेल मंत्रालय ने रांची से झंझारपुर के बीच होली स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। इससे बिहार और झारखंड के यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
2 मार्च से चलेगी होली स्पेशल ट्रेन
रांची-झंझारपुर होली स्पेशल ट्रेन (08105) का परिचालन 2 मार्च से 30 मार्च तक किया जाएगा। यह ट्रेन हर सोमवार को रांची से रवाना होगी। वहीं वापसी में झंझारपुर-रांची होली स्पेशल (08106) 3 मार्च से 31 मार्च तक हर मंगलवार को झंझारपुर से चलेगी।
क्या रहेगा टाइम टेबल?
रांची-झंझारपुर होली स्पेशल (08105) रात 10:50 बजे रांची से खुलेगी। इसके बाद यह मुरी, बोकारो स्टील सिटी, धनबाद, चित्तरंजन, जसीडीह, बरौनी, समस्तीपुर और दरभंगा जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकते हुए मंगलवार शाम 4 बजे झंझारपुर पहुंचेगी। वहीं झंझारपुर-रांची होली स्पेशल (08106) झंझारपुर से शाम 6 बजे रवाना होगी और बुधवार को दोपहर 12:15 बजे रांची पहुंचेगी।
22 कोच की होगी सुविधा
इस होली स्पेशल ट्रेन में कुल 22 कोच लगाए जाएंगे। इनमें 2 एसएलआरडी कोच, 2 सामान्य श्रेणी के कोच, 16 स्लीपर कोच के साथ-साथ 1 एसी 3-टियर और 1 एसी 2-टियर कोच शामिल होंगे। यानी रेलवे ने इस बार हर वर्ग के यात्रियों की सुविधा का ध्यान रखते हुए पर्याप्त सीटों की व्यवस्था की है, ताकि त्योहार के समय सफर करने वालों को ज्यादा परेशानी न हो।
यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
होली के समय ट्रेनों में काफी भीड़ रहती है और टिकट मिलना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में इस स्पेशल ट्रेन के चलने से यात्रियों को राहत मिलेगी। खासकर उन लोगों के लिए जो रांची और मिथिलांचल क्षेत्र के बीच सफर करते हैं।
