खेल

सीनियर एशियन कुश्ती चैंपियनशिप-2026 के चयन ट्रायल के लिए झारखंड के तीन पहलवान दिल्ली और लखनऊ रवाना

रांची: सीनियर एशियन कुश्ती चैंपियनशिप-2026 के लिए भारतीय टीम के चयन ट्रायल 17 मार्च 2026 को दिल्ली के Indira Gandhi Indoor Stadium तथा लखनऊ स्थित Sports Authority of India (SAI) सेंटर में आयोजित किए जाएंगे। इस चयन ट्रायल में भाग लेने के लिए झारखंड के तीन प्रतिभाशाली पहलवान दिल्ली और लखनऊ के लिए रवाना हो गए हैं।

इन चयन ट्रायल में पिछले महीने आयोजित राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता के पदक विजेता पहलवानों को आमंत्रित किया गया है। झारखंड से जिन खिलाड़ियों को मौका मिला है उनमें रिया कुमारी (53 किलोग्राम भार वर्ग) का चयन ट्रायल दिल्ली में होगा, जबकि अभिषेक कुमार (60 किलोग्राम) और अमित गोप (77 किलोग्राम) लखनऊ में होने वाले ट्रायल में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

झारखंड के लिए यह एक ऐतिहासिक अवसर माना जा रहा है, क्योंकि पहली बार राज्य के तीन पहलवान सीनियर एशियन स्तर के अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट के चयन ट्रायल के लिए क्वालीफाई कर चुके हैं। यह उपलब्धि झारखंड में कुश्ती खेल की बढ़ती लोकप्रियता और खिलाड़ियों की मेहनत को दर्शाती है।

इन खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताते हुए Jharkhand State Wrestling Association के अध्यक्ष जीशान कमर (भा.प्र.से.), खेल निदेशक आसिफ एकराम, उपनिदेशक राजेश कुमार, अभिभावक के. रवि कुमार (भा.प्र.से.), मार्गदर्शक भोलानाथ सिंह तथा महासचिव रजनीश कुमार ने शुभकामनाएं दी हैं।

इसके साथ ही झारखंड कुश्ती संघ की कार्यकारिणी के सदस्य अरविंद सिंह, कोषाध्यक्ष बबलु कुमार, संजीव कुमार झा, सुरजीत झा, नमिता कुमारी सहित सभी जिला कुश्ती संघों के अध्यक्ष एवं सचिवों ने भी खिलाड़ियों को चयन ट्रायल में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी हैं। खेल विभाग और झारखंड राज्य कुश्ती परिवार ने भी उम्मीद जताई है कि ये पहलवान ट्रायल में बेहतरीन प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन करेंगे। 🏅🤼‍♂️

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *