रांची

असम चुनाव 2026 : हेमंत सोरेन संभालेंगे प्रचार की कमान, 20 नेताओं की सूची चुनाव आयोग को भेजी

झामुमो

Ranchi : असम विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर झामुमो ने अपनी चुनावी रणनीति तेज कर दी है। पार्टी की ओर से भारत निर्वाचन आयोग को पत्र भेजकर 20 नेताओं को स्टार प्रचारक के रूप में अनुमति देने का अनुरोध किया गया है। साथ ही इन नेताओं के चुनाव प्रचार में इस्तेमाल होने वाले वाहनों के लिए पास जारी करने की भी मांग की गई है। पार्टी के महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त को भेजे पत्र में बताया कि पार्टी अध्यक्ष हेमंत सोरेन असम के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव प्रचार का नेतृत्व करेंगे। उनके साथ पार्टी के कई केंद्रीय नेता भी चुनावी सभाओं और जनसंपर्क अभियान में हिस्सा लेंगे।

ये नेता होंगे स्टार प्रचारक

पार्टी ने जिन नेताओं को स्टार प्रचारक बनाने का प्रस्ताव दिया है, उनमें डॉ. सरफराज अहमद, विनोद कुमार पांडेय, जोबा माझी, अभिषेक प्रसाद, पंकज मिश्रा, दीपक बिरुवा, चमरा लिंडा, योगेंद्र प्रसाद, विजय हांसदा, कल्पना मुर्मू सोरेन, डॉ. महुआ माजी, हफीजुल हसन, सुखराम उरांव, भूषण तिर्की, जिगा सुशरण होरो, विकास मुंडा, एम.टी. राजा, आलोक सोरेन और डॉ. लुईस मरांडी शामिल हैं।

हवाई, सड़क और रेल से करेंगे दौरा

पत्र में कहा गया है कि सभी स्टार प्रचारक असम के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव प्रचार के लिए हवाई, सड़क और रेल मार्ग से यात्रा करेंगे। इसके लिए चुनाव आयोग से जरूरी अनुमति देने का आग्रह किया गया है।

गाड़ियों के लिए पास जारी करने की मांग

पार्टी ने आयोग से यह भी अनुरोध किया है कि प्रचार के दौरान इन नेताओं के उपयोग में आने वाली गाड़ियों के लिए असम राज्य की सीमा के भीतर चलने की अनुमति दी जाए और वाहन पास जारी किए जाएं, ताकि चुनावी कार्यक्रमों में किसी तरह की प्रशासनिक परेशानी न हो। पार्टी का कहना है कि अनुमति मिलते ही असम में बड़े स्तर पर चुनाव प्रचार अभियान शुरू किया जाएगा और स्टार प्रचारक अलग-अलग इलाकों में सभाएं और जनसंपर्क कार्यक्रम करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *