पटमदा में पंचायत सचिव के घर लाखों की चोरी
सोने-चांदी के आभूषण और करीब 10 हजार रुपये नकद ले गए चोर, पुलिस जांच में जुटी
पूर्वी सिंहभूम, 17 सितंबर । पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा थाना क्षेत्र में चोरों ने पंचायत सचिव के घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और करीब 10 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। घटना रांगाटांड़ स्थित पेट्रोल पंप के समीप की है। थाना से महज करीब एक किलोमीटर की दूरी पर हुई चोरी की इस वारदात से पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, पंचायत सचिव गणेश महतो मंगलवार को परिवार के साथ कदमा मेला घूमने गए थे। इसी दौरान चोरों ने घर को सुनसान पाकर मुख्य गेट का ताला तोड़ दिया और अंदर प्रवेश कर गए। गुरुवार सुबह परिवार के साथ लौटने पर गणेश महतो ने मुख्य गेट का ताला टूटा पाया। घर के अंदर जाने पर विभिन्न कमरों के साथ पांच अलमारियों के ताले भी टूटे मिले।
अलमारियों की जांच करने पर उनमें रखे सोने-चांदी के आभूषण और करीब 10 हजार रुपये नकद गायब मिले। परिजनों के अनुसार, चोर मकान के पिछले दरवाजे से फरार हुए। चोरों ने घर में रखे अन्य सामानों को हाथ नहीं लगाया और केवल नकदी तथा कीमती आभूषण ही ले गए।
घटना के संबंध में पंचायत सचिव गणेश महतो ने गुरुवार को अज्ञात चोरों के खिलाफ पटमदा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
सूचना मिलने के बाद पटमदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने परिवार के सदस्यों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई। प्रारंभिक जांच में पुलिस इस बिंदु पर भी छानबीन कर रही है कि कहीं किसी परिचित व्यक्ति को घर के खाली होने की जानकारी तो नहीं थी।
बताया गया कि गणेश महतो मंगलवार को परिवार के साथ कदमा स्थित रिश्तेदार के घर जाने की बात कहकर निकले थे। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ अन्य संभावित सुरागों की तलाश में जुटी है। चोरों की पहचान और चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
