जेवीएम श्यामली के पूर्व छात्र शिखर मोहन का इरानी ट्रॉफी के लिए चयन
रेस्ट ऑफ इंडिया की 15 सदस्यीय टीम में मिली जगह, ऋषभ पंत और सरफराज खान भी टीम में शामिल
रांची, संवाददाता। क्रिकेट के मैदान पर एक बार फिर रांची का नाम रोशन हुआ है। जवाहर विद्या मंदिर (जेवीएम) श्यामली के पूर्व छात्र शिखर मोहन का चयन प्रतिष्ठित इरानी ट्रॉफी के लिए रेस्ट ऑफ इंडिया की 15 सदस्यीय टीम में हुआ है। शिखर अब ऋषभ पंत और सरफराज खान जैसे अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ मैदान पर नजर आएंगे।
ऑलराउंड प्रदर्शन से चयनकर्ताओं को किया प्रभावित
बाएं हाथ के बल्लेबाज और स्लो लेफ्ट आर्म स्पिन गेंदबाज शिखर मोहन ने घरेलू क्रिकेट में अपने ऑलराउंड प्रदर्शन से चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया है। वर्ष 2022 में जेवीएम श्यामली से 12वीं की पढ़ाई पूरी करने वाले शिखर ने स्कूली क्रिकेट के दौरान ही अपनी प्रतिभा का परिचय देना शुरू कर दिया था। सत्र 2022-23 में उन्हें झारखंड पुरुष अंडर-19 टीम की कप्तानी भी सौंपी गई थी।
रणजी से दलीप ट्रॉफी तक दिखाया दम
शिखर ने झारखंड प्रीमियर लीग, रणजी ट्रॉफी, विजय हजारे ट्रॉफी, ईस्ट जोन और दलीप ट्रॉफी में बल्ले से कई शानदार पारियां खेलीं। साथ ही गेंदबाजी में भी उन्होंने महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए। लगातार बेहतर प्रदर्शन के बाद उन्हें रेस्ट ऑफ इंडिया टीम में जगह मिली है।
विद्यालय में खुशी का माहौल
शिखर मोहन के चयन की खबर मिलते ही जेवीएम श्यामली परिसर में खुशी का माहौल बन गया। विद्यालय के प्राचार्य बीएन झा ने शिखर के चयन पर प्रसन्नता जताते हुए इसे विद्यालय के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि शिखर ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर यह मुकाम हासिल किया है।
वरीय शारीरिक शिक्षक डॉ. मोती प्रसाद ने भी शिखर को बधाई दी। उन्होंने कहा कि शिखर की मेहनत और खेल के प्रति समर्पण ने उसे इस स्तर तक पहुंचाया है। शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने मिठाई बांटकर शिखर की सफलता का जश्न मनाया।
जेवीएम श्यामली वही विद्यालय है, जहां से पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने क्रिकेट का सफर शुरू किया था। ऐसे में शिखर मोहन का इरानी ट्रॉफी के लिए चयन विद्यालय और झारखंड दोनों के लिए गौरव का विषय है।
