झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन की तृतीय कार्यसमिति बैठक देवघर में संपन्न
संगठन को सशक्त बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय, समाज को एक सूत्र में जोड़ना ही मूल उद्देश्य : सुरेश चंद्र अग्रवाल
रांची : देवघर जिला मारवाड़ी सम्मेलन के आतिथ्य में जैन मंदिर परिसर में आयोजित झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन की तृतीय कार्यसमिति बैठक सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक में झारखंड के विभिन्न जिलों से 150 से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया। पूर्वी सिंहभूम, रांची, देवघर, गिरिडीह, जामताड़ा, बोकारो और धनबाद जिला मारवाड़ी सम्मेलन के प्रतिनिधियों सहित कार्यसमिति के सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक का शुभारंभ देवघर जिला अध्यक्ष अशोक डालमिया के स्वागत भाषण तथा प्रांतीय अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल के संबोधन से हुआ। इसके बाद पिछली कार्यसमिति की कार्यवाही की पुष्टि की गई। प्रांतीय महामंत्री विनोद जैन ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया तथा वर्ष 2025-26 के अंकेक्षित आय-व्यय को आमसभा में प्रस्तुत करने के लिए अनुमोदन प्राप्त किया। बैठक में उपाध्यक्षों, मंडलीय उपाध्यक्षों, जिला अध्यक्षों एवं शाखा अध्यक्षों ने भी अपनी-अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की।
बैठक में संविधान संशोधन संबंधी प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई और आवश्यक संशोधनों के साथ प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई। पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष गोविंद डालमिया ने भी अपने विचार रखे तथा संगठन के भावी कार्यक्रमों और विभिन्न विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
अपने संबोधन में प्रांतीय अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल ने कहा कि मारवाड़ी सम्मेलन की सबसे बड़ी आवश्यकता समाज को संगठित करना है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को एक सूत्र में जोड़ना ही सम्मेलन का मूल उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि संगठित समाज ही सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सेवा कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ा सकता है। उन्होंने पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन द्वारा जमशेदपुर के गोपाल मैदान में आयोजित राजस्थान महोत्सव को ऐतिहासिक बताते हुए जिला अध्यक्ष मुकेश मित्तल एवं उनकी पूरी टीम की सराहना की।
बैठक में संविधान संशोधन के तहत कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। महापंचायत के गठन को स्वीकृति देते हुए पूर्व राज्यसभा सांसद महेश पोद्दार को उसका संयोजक नियुक्त करने पर सहमति बनी। इसके अलावा संपत्ति संरक्षक मंडल के गठन को भी मंजूरी दी गई।
बैठक में सम्मेलन के कार्यालय तथा लगभग 25 लाख रुपये की राशि ट्रस्ट में कथित रूप से स्थानांतरित किए जाने के मामले पर भी गंभीर चर्चा हुई। इस संबंध में ट्रस्ट के पदाधिकारियों को 31 अगस्त तक स्थिति स्पष्ट करने और समाधान प्रस्तुत करने का समय दिया गया। सम्मेलन ने स्पष्ट किया कि निर्धारित अवधि तक संतोषजनक समाधान नहीं होने पर संगठन कानूनी कार्रवाई करने के लिए बाध्य होगा।
संगठन विस्तार के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन को राज्य में सर्वाधिक सदस्य बनाने पर सम्मानित किया गया।
बैठक में शामिल सभी प्रतिनिधियों ने बाबा बैद्यनाथ धाम एवं श्री श्याम मंदिर में दर्शन-पूजन कर समाज, संगठन और राष्ट्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
रांची जिला से लगभग 25 प्रतिनिधियों ने बैठक में भाग लिया। इनमें प्रांतीय वरीय उपाध्यक्ष ललित कुमार पोद्दार, पवन कुमार पोद्दार, विनोद जैन, मनोज चौधरी, कमल कुमार केडिया, राजेंद्र केडिया, सज्जन पाड़िया, सुभाष पटवारी, रमाशंकर बगड़िया, रमन बोड़ा, विजय कुमार खोवाल, सुनील पोद्दार, सुरेश चौधरी, राजकुमार मित्तल, अजय डीडवानिया, नेहा पटवारी और चेतन कुमार सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
यह जानकारी झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के संयुक्त महामंत्री सह प्रवक्ता संजय सर्राफ ने दी।
