रांची

श्री श्याम मंदिर में 213वें श्री सुंदरकांड एवं श्री हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन

भक्ति रस में डूबे श्रद्धालु, 25 जुलाई को देवशयनी एकादशी महोत्सव होगा आयोजित

रांची : श्री श्याम मित्र मंडल के तत्वावधान में हरमू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर में मंगलवार को 213वें श्री सुंदरकांड एवं श्री हनुमान चालीसा पाठ का भव्य आयोजन किया गया। “राम सिया राम, सिया राम, जय-जय राम” के संगीतमय गायन और बजरंगबली के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मंडल के निवर्तमान महामंत्री विश्वनाथ नारसरिया की उपस्थिति में आशा मोदी द्वारा बालाजी महाराज की अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद आशा मोदी ने केसरिया पेड़ा, गुड़, चना एवं फल प्रसाद का भोग अर्पित किया। यजमान ने श्रीरामचरितमानस ग्रंथ का पूजन कर पाठ वाचकों का चंदन-वंदन एवं सम्मान किया।

पाठ वाचक मनीष सारस्वत एवं ओम शर्मा ने अपने सहयोगियों के साथ ढोलक एवं ढपली की मधुर स्वर-लहरियों के बीच श्रीगणेश वंदना से कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद श्रद्धालुओं की सहभागिता से श्री हनुमान चालीसा और श्री सुंदरकांड का संगीतमय पाठ संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान भजनों की मनमोहक प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को भक्ति भाव से ओत-प्रोत कर दिया।

सुंदरकांड पाठ के समापन के बाद पुनः श्री हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ, महाआरती एवं प्रसाद वितरण किया गया। इस अवसर पर श्रवण ढानढनिया ने चना प्रसाद, पुष्पा देवी पोद्दार ने केसरिया पेड़ा, मनीष साहू ने गिरिगोला तथा राजेश जायसवाल ने फल प्रसाद सेवा का सहयोग प्रदान किया।

कार्यक्रम में मंडल के अध्यक्ष गोपाल मुरारका, महामंत्री गौरव अग्रवाल, निवर्तमान महामंत्री विश्वनाथ नारसरिया, उपाध्यक्ष श्रवण ढानढनिया, अशोक लड़िया, कोषाध्यक्ष मनोज खेतान, कृष्णा, अंकित सिंह, संकेत चौधरी, ऋषभ चौरसिया, हर्ष मिश्रा, हिमांशु कुमार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

25 जुलाई को देवशयनी एकादशी महोत्सव

श्री श्याम मंदिर में 25 जुलाई को देवशयनी एकादशी के अवसर पर विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। प्रातःकाल भगवान का विशेष अनुपम श्रृंगार किया जाएगा, जबकि रात्रि में भजन-संकीर्तन का आयोजन देर रात तक चलेगा। मंडल के महामंत्री गौरव अग्रवाल ने सभी श्याम भक्तों से इस पावन अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *