मंत्री आवास का घेराव करने आ रहे शिक्षकों को पुलिस ने लिया हिरासत में
गिरिडीह, 5 नवंबर । सामान्य कार्य सामान्य वेतन सहित अन्य मांगों को लेकर झारखंड सहायक अध्यापक संघ ने बुधवार को मंत्री सुदिव्य कुमार के आवास का घेराव करने आये सैैैकडों अध्यापकों को पुलिस ने रोककर हिरासत में ले लिया। इसके बाद गिरिडीह स्टेडियम स्थित अस्थाई कैंप जेल में रखा और बाद में छोड़ा गया । इस दौरान आंदोलनकारी शिक्षकों के मोबाइल फोन कुछ देर के लिए जब्त कर लिए गये। बताया गया कि सुबह से ही मंत्री आवास उत्सव उपवन के आसपास चारों तरफ से सुरक्षा बलों ने घेराबंदी कर दी थी।
एसडीजीओ जीत वाहन उरांव, डीएसपी नीरज सिंह, मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो सुबह से ही स्थिति पर नजर रखे रहे। इससे पहले मंगलवार शाम से अगले 72 घटों तक एसडीएम गिरिडीह ने मंत्री आवास के समीप 500 मीटर की परिधि में परिधि में निषेधाज्ञा लागू
की गई थी। लेकिन आंदोलनकारी शिक्षक कई अन्य मागों को लेकर मंत्री आवास पहुंचने के प्रयास में थे जिसे पुलिस ने विफल कर दिया।
बताया गया कि आंदोलनकारी विभिन्न स्थानों से एकत्र होकर आवास घेरने की तैयारी में थे। इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें रोक लिया। इस दौरान सहायक अध्यापक शिक्षक संघ के आंदोलनकारी शिक्षकों ने हेमंत सोरेन सरकार और मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। संघ के नेता छोटन प्रसाद ने सरकार पर उनके लोकतांत्रिक आंदोलन को कुचलने की कोशिश करने का आरोप लगाया और कहा कि उनकी मांगें जायज हैं।
