रांची

श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर में 29 जुलाई को मनाया जाएगा गुरु पूर्णिमा महोत्सव, 51 किलो केसरिया खीर का लगेगा भोग

रांची: श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित पुंदाग स्थित श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर में 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर मंदिर परिसर में विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा।

ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल एवं प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर गुरुजी श्री मंगल दासजी महाराज, श्री श्री 108 संत गुरु राधिका दासजी महाराज तथा परमहंस डॉ. संत सदानंदजी महाराज का विधिवत पूजन एवं वंदन किया जाएगा। श्रद्धालु गुरु चरणों में श्रद्धा अर्पित कर उनका आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।

राधा रानी का होगा दिव्य श्रृंगार

महोत्सव के दौरान श्री राधा रानी का दिव्य एवं अलौकिक श्रृंगार विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। इसके साथ ही दीप प्रज्वलन, भजन-कीर्तन और आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहेगा।

51 किलो केसरिया खीर का लगेगा भोग

गुरु पूर्णिमा महोत्सव के अवसर पर भगवान श्री राधा-कृष्ण को 51 किलो केसरिया खीर का विशेष भोग अर्पित किया जाएगा। पूजा-अर्चना और भोग के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया जाएगा।

ट्रस्ट की ओर से सभी श्रद्धालुओं से परिवार सहित अधिक से अधिक संख्या में महोत्सव में शामिल होकर गुरु पूर्णिमा के इस पावन आयोजन को सफल बनाने और गुरुजनों का आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *