चतरा

राजकीय इटखोरी महोत्सव की तैयारियों को लेकर उपायुक्त ने किया स्थल निरीक्षण

चतरा, 31 जनवरी । राजकीय इटखोरी महोत्सव (तीन दिवसीय) के सफल आयोजन को लेकर उपायुक्त कीर्तिश्री ने शनिवार को इटखोरी स्थित भद्रकाली मंदिर परिसर और मुख्य कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंच, पंडाल, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, साफ-सफाई सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की विस्तारपूर्वक समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया।

उपायुक्त की अध्यक्षता में भद्रकाली मंदिर परिसर में मंदिर प्रबंधन के सम्मानित सदस्यों, मंदिर प्रबंधन न्यास बोर्ड और मां भद्रकाली रैयत संघ के साथ बैठक की गई। बैठक में राजकीय इटखोरी महोत्सव भव्य, सुव्यवस्थित और ऐतिहासिक स्वरूप देने लेकर विचार-विमर्श किया गया। उपायुक्त ने उपस्थित सदस्यों से आयोजन को बेहतर बनाने के लिए सुझाव साझा करने का आग्रह किया। साथ ही पूर्व में आयोजित राजकीय इटखोरी महोत्सव के दौरान किए गए कार्यों की बिंदुवार जानकारी भी प्राप्त की।

उपायुक्त ने मंदिर परिसर के रंग-रोगन एवं सौंदर्यीकरण कार्य को जल्‍द शुरू कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि महोत्सव के दौरान देश-प्रदेश से आने वाले श्रद्धालु और पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, यह जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसे लेकर स्वास्थ्य टीम को एक्टिव मोड में रखने, पर्याप्त पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई और सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिया गया।

उन्होंने राजकीय इटखोरी महोत्सव के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष बल देते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोग इस भव्य आयोजन के साक्षी बनें, इसके लिए सभी माध्यमों से प्रचार किया जाए। उपायुक्त ने बताया कि महोत्सव में प्रस्तुति देने वाले कलाकारों की चयन प्रक्रिया जारी है और जल्‍द ही कलाकारों की सूची सार्वजनिक की जाएगी। वहीं 19 और 20 फरवरी को बक्सा डैम में वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों के आयोजन को लेकर भी जिला प्रशासन जरूरी कार्रवाई कर रहा है।

उल्‍लेखनीय है कि तीन दिवसीय इटखोरी महोत्सव का आयोजन 19 फरवरी से किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *