सेवा भारती रांची महानगर 115 सेवा केंद्रों के माध्यम से कर रहा सामाजिक परिवर्तन : श्याम तोरका
रांची, 31 जनवरी। सेवा भारती, रांची महानगर की ओर से राजधानी रांची की 80 सेवा बस्तियों में सामाजिक उत्थान के उद्देश्य से विभिन्न सेवा प्रकल्पों का संचालन किया जा रहा है। इसके अंतर्गत दैनिक बाल संस्कार केंद्र, किशोरी विकास केंद्र, सिलाई प्रशिक्षण केंद्र, कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र, चिकित्सा केंद्र, महिला स्वयं सहायता समूह तथा भजन-कीर्तन मंडलियों सहित कुल 115 सेवा केंद्र संचालित हैं।
यह जानकारी सेवा भारती के सचिव श्याम तोरका ने शनिवार को कडरू स्थित डीएवी कपिलदेव मैदान में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दी। उन्होंने कहा कि सेवा भारती के इन सेवा कार्यों से समाज में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिला है। बाल संस्कार केंद्रों के माध्यम से प्रतिवर्ष लगभग 1850 बालक-बालिकाएं संस्कारयुक्त शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।
श्याम तोरका ने बताया कि किशोरी विकास केंद्रों के जरिए सैकड़ों किशोरियों को मानसिक, शारीरिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाया गया है। वहीं, सिलाई प्रशिक्षण केंद्रों से जुड़कर अभावग्रस्त महिलाएं और युवतियां सहित प्रतिवर्ष लगभग 310 लाभुक स्वरोजगार से जुड़कर आत्मनिर्भर बनी हैं। इसके अलावा कंप्यूटर प्रशिक्षण प्राप्त कर युवा वर्ग आर्थिक रूप से स्वावलंबी हो रहा है।
उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से रांची महानगर से जुड़े लगभग 550 परिवारों का आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण किया गया है। आपदा प्रबंधन के तहत नामकुम क्षेत्र के एक अभावग्रस्त परिवार का अतिवृष्टि के कारण क्षतिग्रस्त हुए घर के पुनर्निर्माण में सेवा भारती द्वारा क्षतिपूर्ति के साथ पूर्ण सहयोग प्रदान किया गया।
श्याम तोरका ने बताया कि समाज जागृति के उद्देश्य से सेवा भारती द्वारा द्विमासिक सेवा पत्रिका ‘सेवा सुरभि’ का नियमित प्रकाशन किया जा रहा है, जिसका वर्ष में एक विशेषांक भी प्रकाशित होता है। उन्होंने कहा कि सेवा भारती विभिन्न आयामों और सेवा प्रकल्पों के माध्यम से समाज के पिछड़े वर्ग के नवोत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
सेवा भारती के सचिव ने बताया कि रविवार को सेवा भारती, रांची महानगर का वार्षिक समारोह डीएवी कपिलदेव मैदान में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर संगठन के सेवा कार्यों की झलक प्रस्तुत की जाएगी। उन्होंने कहा कि वार्षिकोत्सव में शहर की 12 सेवा बस्तियों से बच्चों, महिलाओं और कार्यकर्ताओं सहित हजारों लोग शामिल होंगे।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के मनोरंजन और रचनात्मक विकास के लिए दिल्ली के ‘ट्रेन मैन’ कलाकार विशेष प्रस्तुति देंगे। वहीं, स्वावलंबन केंद्र और स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं के लिए भारत स्वावलंबन विषय पर महिला कार्यशाला तथा देशभक्ति समूह गीत प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला समाजसेवी जया जालान करेंगी, जबकि रौशनी खलखो मुख्य अतिथि होंगी। दोपहर बाद सेवा बस्तियों के सैकड़ों बच्चों द्वारा सामूहिक मंत्रोच्चार, योगासन प्रदर्शन, समूह गीत प्रतियोगिता और मनोहारी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
सार्वजनिक कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की पत्नी मीरा मुंडा होंगी, जबकि विधायक नवीन जायसवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
प्रेस वार्ता में सेवा भारती के विनय कुमार, शिवचरण प्रसाद सहित अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद थे।
