हजारीबाग

उपायुक्त ने एनएच पर हुए अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस देने का दिया निर्देश

हजारीबाग, 18 अगस्त । उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए अतिक्रमण को हटाने के लिए संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नोटिस तामिला कराने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने दुर्घटना संभावित स्थलों को चिह्नित कर उन्हें शीघ्र दुरुस्त करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।

बैठक के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के प्रतिनिधि ने बताया कि एचएच और नगवां टोल प्लाजा के समीप एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।

आवश्यकता पड़ने पर राष्ट्रीय राजमार्ग हेल्पलाइन नंबर 1033 पर संपर्क कर एंबुलेंस सेवा प्राप्त की जा सकती है। एनएचएआई के प्रतिनिधि ने यह भी जानकारी दी कि राष्ट्रीय राजमार्ग के प्रावधानों के अनुसार नेशनल हाईवे के समीप पेट्रोल पंप स्थापित करने के लिए एनएचएआई से पूर्व अनुमति प्राप्त करना अनिवार्य है।

इस संबंध में उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश निर्देश दिया। उपायुक्त ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे संचालित अनधिकृत पार्किंग स्थलों को हटाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।

बैठक में उपायुक्त हेमन्त सती के अलावा, उप निर्वाचन पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, राष्ट्रीय राजमार्ग के प्रतिनिधि सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *