रांची

कांग्रेस देश में अराजकता और अस्थिरता का माहौल बनाने का प्रयास कर रही है: बाबूलाल मरांडी

लातेहार, 27 अक्टूबर । झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मंगलवार को कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि केंद्र की सत्ता से बाहर होने के बाद कांग्रेस देश में अराजकता और अस्थिरता का माहौल बनाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में सत्ता परिवर्तन का आधार जनता का जनादेश होना चाहिए, न कि आंदोलनों के माध्यम से बनाया गया दबाव।

लातेहार परिसदन में आयोजित प्रेस वार्ता में मरांडी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर कांग्रेस के विरोध पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक दलों को अपनी बात जनता के बीच रखनी चाहिए, लेकिन कांग्रेस जनसमर्थन हासिल करने के बजाय आंदोलनों के माध्यम से दबाव बनाने का रास्ता अपना रही है।

मरांडी ने विपक्ष के कुछ नेताओं की ओर से सत्ता परिवर्तन की बात उठाए जाने का उल्लेख करते हुए सवाल किया कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में सरकार बदलने का अधिकार जनता को है या आंदोलन के जरिए दबाव बनाने वालों को। उन्होंने राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी के अन्य नेताओं पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का प्रयास करने का आरोप भी लगाया।

प्रेस वार्ता के दौरान मरांडी ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के कार्यकाल में लगाए गए आपातकाल का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इलाहाबाद उच्च न्यायालय के फैसले के बाद देश में आपातकाल लगाया गया था। उन्होंने इस घटना का उल्लेख करते हुए कांग्रेस के लोकतंत्र संबंधी रुख पर सवाल उठाए।

इससे पहले लातेहार परिसदन पहुंचने पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बाबूलाल मरांडी का स्वागत किया। इस अवसर पर मनिका के पूर्व विधायक हरिकृष्ण सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष बंशी यादव, वरिष्ठ भाजपा नेता राजधानी प्रसाद यादव, नगर पंचायत अध्यक्ष महेश सिंह सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *