खेल

रांची में 17-18 जून को होगा द्वितीय दक्षिण एशियाई थ्रोबॉल चैंपियनशिप का आयोजन

रांची, 15 जून: झारखंड की राजधानी रांची एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन की मेजबानी के लिए तैयार है। थ्रोबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में द्वितीय दक्षिण एशियाई थ्रोबॉल चैंपियनशिप 2026 का आयोजन 17 एवं 18 जून को हरिवंश टाना भगत इंडोर स्टेडियम, खेलगांव, रांची में किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में दक्षिण एशिया के पांच देशों की राष्ट्रीय टीमें हिस्सा लेंगी।

प्रतियोगिता में भारत, नेपाल, भूटान, बांग्लादेश और श्रीलंका की पुरुष एवं महिला टीमें अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगी। चैंपियनशिप का उद्घाटन समारोह 17 जून को प्रातः 11 बजे आयोजित होगा, जबकि समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह 18 जून को सायं 4 बजे संपन्न होगा।

रांची को इस महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी ऐसे समय में मिली है जब पिछले वर्ष यहां राष्ट्रीय थ्रोबॉल चैंपियनशिप का सफल आयोजन किया गया था। उत्कृष्ट खेल प्रबंधन और सफल आयोजन क्षमता को देखते हुए दक्षिण एशियाई स्तर की इस प्रतियोगिता के लिए रांची का चयन किया गया है।

झारखंड के लिए यह विशेष गर्व का विषय है कि भारतीय टीम में राज्य के दो खिलाड़ियों को स्थान मिला है। अमरदीप पुरुष वर्ग में और अरुणा यादव महिला वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। अरुणा यादव भारतीय महिला टीम की कप्तान भी हैं। उनके चयन से राज्य के उभरते खिलाड़ियों को नई प्रेरणा मिलेगी और थ्रोबॉल खेल को बढ़ावा मिलेगा।

आयोजन समिति द्वारा खिलाड़ियों और अधिकारियों के लिए आवास, भोजन, परिवहन, सुरक्षा तथा चिकित्सा सुविधाओं सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। इसके अलावा विदेशी खिलाड़ियों को झारखंड की संस्कृति, परंपराओं और स्थानीय व्यंजनों से परिचित कराने की भी विशेष तैयारी की गई है। आयोजन समिति का उद्देश्य “अतिथि देवो भवः” की भावना के अनुरूप सभी प्रतिभागियों को सर्वोत्तम आतिथ्य प्रदान करना है।

झारखंड राज्य थ्रोबॉल संघ के चेयरमैन डॉ. राजेश गुप्ता ने कहा कि रांची में लगातार बड़े खेल आयोजनों का सफल संचालन यह साबित करता है कि झारखंड खेलों के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह प्रतियोगिता खेल उत्कृष्टता, अनुशासन और अंतरराष्ट्रीय सहयोग का बेहतरीन उदाहरण बनेगी।

वहीं, झारखंड राज्य थ्रोबॉल संघ के अध्यक्ष वेदांत कौस्तव ने कहा कि दक्षिण एशियाई स्तर की इस प्रतियोगिता का आयोजन पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय है। उनके अनुसार यह आयोजन केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि विभिन्न देशों के बीच मैत्री, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और खेल भावना को मजबूत करने का अवसर भी है।

आयोजन समिति ने खेल प्रेमियों और आम नागरिकों से बड़ी संख्या में प्रतियोगिता स्थल पर पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने तथा इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन को सफल बनाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *