Home

अंतर्राष्ट्रीय मलखंब दिवस पर झारखंड मलखंब अकादमी के खिलाड़ियों ने किया शानदार प्रदर्शन

रांची, 15 जून: अंतर्राष्ट्रीय मलखंब दिवस के अवसर पर धुर्वा स्थित बंगीय सांस्कृतिक परिषद विद्यालय, सेक्टर-2 में झारखंड मलखंब अकादमी, रांची के खिलाड़ियों द्वारा भव्य मलखंब प्रदर्शन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में खिलाड़ियों ने पोल मलखंब, रोप मलखंब, हैंगिंग मलखंब तथा पिरामिड की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया।

इस अवसर पर झारखंड मलखंब अकादमी, रांची के निदेशक डॉ. अजय झा ने खिलाड़ियों को अंतर्राष्ट्रीय मलखंब दिवस की शुभकामनाएं देते हुए मलखंब खेल के महत्व, तकनीकी कौशल और इसके शारीरिक एवं मानसिक लाभों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास और अनुशासन के साथ खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों आर्यन लोहरा, सत्यवीर कुमार दास, रणवीर कुमार दास, रोहन नायक, हंसिका कुमारी, लवली कुमारी, अन्नू कुमारी, सीमा कुमारी, रिया कुमारी, श्रुति कुमारी और काजल कुमारी ने रोप एवं पोल मलखंब पर शानदार कौशल का प्रदर्शन किया।

वहीं हिमांशु यादव, प्रिंस कुमार, अमित कुमार, अंश कुमार और श्रीयांश कुमार ने हैंगिंग मलखंब में अपने अद्भुत संतुलन, ताकत और कलात्मक प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया।

कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों की प्रस्तुतियों को दर्शकों और विद्यालय परिवार ने खूब सराहा। अंतर्राष्ट्रीय मलखंब दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम झारखंड में पारंपरिक भारतीय खेल मलखंब के प्रचार-प्रसार और युवाओं को इससे जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *