Home

लोक सेवा समिति के 35वें स्थापना दिवस पर आज होगा 27वां “झारखंड रत्न” सम्मान समारोह

शहीद मजरूल हसन खान, मंजूनाथ भजंत्री IAS, डॉ. राहुल रंजन समेत कई हस्तियां होंगी सम्मानित

रांची : सामाजिक संस्था लोक सेवा समिति के 35वें स्थापना दिवस के अवसर पर शुक्रवार को राजधानी रांची में राज्य सामाजिक शिखर सम्मेलन एवं 27वें “झारखंड रत्न” तथा “विशिष्ट सेवा सम्मान” समारोह का आयोजन किया जाएगा। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली कई प्रतिष्ठित हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा।

समिति ने जानकारी दी कि इस वर्ष का 35वां स्थापना दिवस समारोह दिशोम गुरु को समर्पित है। इस अवसर पर “प्रेरणा” कॉफी टेबल बुक का लोकार्पण भी किया जाएगा। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा।

इन्हें मिलेगा “झारखंड रत्न” सम्मान

समारोह में 27वें “झारखंड रत्न” सम्मान से शहीद मजरूल हसन खान (मरणोपरांत), आलोक कुमार गुप्ता, मंजूनाथ भजंत्री IAS, ए.के. रशीदी, अली खान, शैलेन्द्र कुमार पाठक, प्रो. हरमिंदर बीर सिंह, डॉ. अरुण तिवारी एवं डॉ. राहुल रंजन को सम्मानित किया जाएगा।

समिति के अनुसार मंजूनाथ भजंत्री को देश के प्रमुख प्रशासनिक अधिकारियों में शामिल होने, अली खान को फिल्म इंडस्ट्री में संघर्ष और पहचान बनाने, जबकि शैलेन्द्र कुमार पाठक को ध्रुपद-धमार गायन के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाने के लिए सम्मानित किया जा रहा है। वहीं डॉ. राहुल रंजन को सरकारी सेवा छोड़कर मोटिवेशन एवं माइंड कोचिंग के माध्यम से लाखों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए सम्मानित किया जाएगा।

इसके अलावा दिशोम गुरु पर आधारित पुस्तक “बाबा ए झारखंड” का भी उल्लेख किया गया, जिसे डॉ. जमाल अहमद ने लिखा है।

“विशिष्ट सेवा सम्मान” से भी होंगी कई विभूतियां सम्मानित

समारोह में “विशिष्ट सेवा सम्मान” से डॉ. गोपाल प्रसाद अग्रवाल, बैरम खान, आशीष जायसवाल, राम रतन अवधिया, सुजाना लकड़ा और अभिजीत दत्ता गुप्ता समेत कई लोगों को सम्मानित किया जाएगा।

डॉ. गोपाल प्रसाद अग्रवाल को 45 वर्षों से चिकित्सा सेवा में योगदान, आशीष जायसवाल को मार्शल आर्ट्स एवं राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाने, राम रतन अवधिया को निःशुल्क सिविल सेवा शिक्षा एवं समाजसेवा तथा सुजाना लकड़ा को राष्ट्रीय स्तर की एथलीट के रूप में उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया जाएगा।

34 वर्षों से सामाजिक सरोकारों में सक्रिय है समिति

लोक सेवा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहम्मद नौशाद ने कहा कि समिति ने पिछले 34 वर्षों में सामाजिक, सांस्कृतिक एवं जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उन्होंने बताया कि संस्था को समाज के प्रबुद्ध नागरिकों, सदस्यों और मीडिया का लगातार सहयोग मिलता रहा है।

समिति से वर्षों तक जुड़े रहे कई प्रतिष्ठित लोगों में पद्मश्री , डॉ. बीपी केसरी, डॉ. गिरिधारी राम गौंझू, डॉ. भुवनेश्वर अनुज, कार्डिनल टेल्सफोर टोप्पो, फादर बनी एक्का और सिस्टर जेमा टोप्पो सहित कई नाम शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *