रांची में भव्य रूप लेगा तपोवन मंदिर, सीएम हेमंत सोरेन ने दिया पूरा सहयोग का भरोसा

Ranchi : सीएम हेमंत सोरेन से सोमवार को श्री राम जानकी तपोवन मंदिर नवनिर्माण समिति के सदस्यों ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान समिति ने मंदिर के चल रहे नवनिर्माण कार्य की प्रगति से सीएम को अवगत कराया और उन्हें स्थल निरीक्षण के लिए आमंत्रित भी किया। मुख्यमंत्री ने मंदिर निर्माण से जुड़े सभी पहलुओं की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि तपोवन मंदिर रांची की ऐतिहासिक धरोहर और आस्था का प्रमुख केंद्र है। इसके रिनोवेशन और ब्यूटीफिकेशन का कार्य बड़े स्तर पर किया जा रहा है, जिसमें राज्य सरकार हर संभव सहयोग देगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मंदिर को भव्य और आकर्षक बनाया जाएगा, ताकि यहां आने वाले श्रद्धालुओं को सभी जरूरी सुविधाएं मिल सकें। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि तपोवन मंदिर को इस तरह विकसित किया जाए कि यह देश-विदेश के श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बन सके। उन्होंने जोर देकर कहा कि धार्मिक स्थलों का विकास न केवल आस्था से जुड़ा होता है, बल्कि इससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलता है और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होते हैं।

2029 तक पूरा होगा निर्माण कार्य
मंदिर नवनिर्माण समिति ने मुख्यमंत्री को जानकारी दी कि श्री राम जानकी तपोवन मंदिर का निर्माण कार्य वर्ष 2029 तक पूरा कर लिया जाएगा। फिलहाल मंदिर के फाउंडेशन का काम पूरा हो चुका है और आगे का निर्माण तेजी से जारी है। समिति ने यह भी बताया कि मंदिर का निर्माण अयोध्या में बने भव्य राम मंदिर के आर्किटेक्ट Ashish Sompura के निर्देशन में किया जा रहा है, जिससे इसकी भव्यता और वास्तुकला विशेष रूप से आकर्षक होगी।

ये लोग रहे मौजूद
मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वालों में मंदिर के महंत ओमप्रकाश, समिति के सचिव प्रणय कुमार, सदस्य प्रवीण कुमार वर्मा, अयोध्या दास और अन्य सदस्य शामिल थे। सभी ने मंदिर निर्माण को लेकर मुख्यमंत्री के सहयोग के लिए आभार भी व्यक्त किया।
