झारखंड स्टेट फिडे रेटिंग शतरंज चैंपियनशिप में तनिष्क, त्रिपाठी और अंकित की जीत
छठे राउंड के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, कई रोमांचक मैच रहे आकर्षण का केंद्र
रांची। सरला बिरला विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित 25वीं आदित्य बिरला मेमोरियल सीनियर झारखंड स्टेट फिडे रेटिंग चेस चैंपियनशिप-2026 के छठे राउंड में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के विभिन्न मुकाबलों में कई दिग्गज खिलाड़ियों ने जीत दर्ज कर अपनी दावेदारी मजबूत की।
छठे राउंड में तनिष्क कुमार ने मणिदीप को पराजित किया, जबकि बी.सी. त्रिपाठी ने अर्पित आनंद के खिलाफ जीत हासिल की। वहीं अंकित कुमार ने आशीष कुमार, विभाष कुमार ने श्रेयांश, कमल ने इमरान, ईशांत ने कुश तथा गगनदीप ने देवांजन को हराकर महत्वपूर्ण अंक अर्जित किए।
प्रतियोगिता के दो मुकाबले बेहद रोमांचक रहे, जहां यश और नविका तथा वेदांत राजेश और रोहन शांडिल्य के बीच खेला गया मैच ड्रॉ पर समाप्त हुआ।
गणमान्य अतिथियों की रही उपस्थिति
प्रतियोगिता के दौरान कई गणमान्य पदाधिकारी एवं शतरंज प्रशासक उपस्थित रहे। इनमें मनीष कुमार, नवजोत अलंग, सतीश कुमार, मानसी सिंह, टूर्नामेंट डायरेक्टर दीपक कुमार, चीफ ऑर्बिटर विशाल मिंज तथा विनोद कुमार साव शामिल रहे।
राज्यसभा सांसद ने दी शुभकामनाएं
डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा, जो ऑल झारखंड चेस एसोसिएशन के अध्यक्ष भी हैं, ने प्रतियोगिता में भाग ले रहे सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं राज्य में शतरंज प्रतिभाओं को निखारने और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती हैं।
प्रतियोगिता में राज्यभर के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं और आगामी राउंड के मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों व दर्शकों में उत्साह बना हुआ है।
