खेल

भारतीय हॉकी के लिए गौरवशाली दिन, महिला और पुरुष दोनों टीमों ने दर्ज की शानदार जीत

झारखंड की दीपिका सोरेंग ने किया गोल, मनप्रीत सिंह बने भारत के सबसे अधिक मैच खेलने वाले खिलाड़ी

हॉकी झारखंड ने दोनों टीमों को दी बधाई

रांची। 18 जून 2026 का दिन भारतीय हॉकी के लिए बेहद गौरवपूर्ण रहा। एक ओर भारतीय महिला हॉकी टीम ने FIH महिला नेशंस कप 2025-26 में लगातार तीसरी जीत दर्ज करते हुए उरुग्वे को 3-2 से पराजित किया, वहीं दूसरी ओर भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने FIH प्रो लीग 2025-26 में विश्व चैंपियन जर्मनी को 3-1 से हराकर अपनी ताकत का शानदार प्रदर्शन किया।

दीपिका सोरेंग के गोल से चमकी भारत की जीत

ऑकलैंड में खेले गए महिला नेशंस कप के अंतिम पूल मुकाबले में भारतीय टीम ने उरुग्वे के खिलाफ दमदार वापसी करते हुए 3-2 से जीत हासिल की। मैच में शुरुआती बढ़त उरुग्वे को मिली थी, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।

भारत की ओर से स्टार ड्रैग फ्लिकर दीपिका ने दो गोल दागे, जबकि झारखंड की प्रतिभाशाली खिलाड़ी दीपिका सोरेंग ने एक महत्वपूर्ण फील्ड गोल कर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

इस जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने अमेरिका, जापान और उरुग्वे को हराकर पूल-ए में शीर्ष स्थान हासिल किया और सेमीफाइनल में जगह बनाई। यह मुकाबला भारतीय मिडफील्डर नेहा के लिए भी यादगार रहा, जिन्होंने अपना 200वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेला।

जर्मनी पर पुरुष टीम की शानदार जीत

उधर रॉटरडैम में खेले गए FIH प्रो लीग मुकाबले में भारतीय पुरुष टीम ने अनुशासित खेल और मजबूत रक्षापंक्ति के दम पर जर्मनी को 3-1 से शिकस्त दी।

भारत की ओर से मनदीप सिंह, शिलानंद लकड़ा और नीलकांत शर्मा ने गोल किए। शानदार प्रदर्शन के लिए हार्दिक सिंह को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

मनप्रीत सिंह ने रचा इतिहास

यह मुकाबला भारतीय हॉकी के दिग्गज मनप्रीत सिंह के लिए ऐतिहासिक साबित हुआ। उन्होंने अपना 413वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेलकर दिलीप तिर्की के 412 मैचों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया और भारत के लिए सबसे अधिक अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले हॉकी खिलाड़ी बन गए।

हॉकी झारखंड ने दी शुभकामनाएं

भारतीय महिला और पुरुष दोनों टीमों के शानदार प्रदर्शन पर हॉकी झारखंड सहित राज्य के खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों को बधाई दी है। विशेष रूप से झारखंड की बेटी दीपिका सोरेंग की उपलब्धि पर प्रदेश में खुशी का माहौल है।

हॉकी झारखंड ने विश्वास जताया है कि भारतीय टीम आगे भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का गौरव बढ़ाती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *