सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी: झारखंड ने तमिलनाडु को 28 रन से हराया, लगातार छठी जीत
अहमदाबाद। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में झारखंड की शानदार फॉर्म जारी है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम, ग्राउंड-बी पर खेले गए मुकाबले में झारखंड ने तमिलनाडु को 28 रन से हराकर टूर्नामेंट में अपनी लगातार छठी जीत दर्ज की। इस जीत के साथ टीम का आत्मविश्वास और मजबूत हो गया है।
पहले बल्लेबाजी करते हुए झारखंड ने निर्धारित 20 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 207 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से कुमार कुशाग्र ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 48 गेंदों पर नाबाद 84 रन बनाए। उनकी पारी में 5 चौके और 5 गगनचुंबी छक्के शामिल रहे। उनके साथ विराट सिंह ने भी जबरदस्त फॉर्म दिखाते हुए 39 गेंदों पर 72 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 2 छक्के शामिल थे। अंत में अनुकूल रॉय ने नाबाद 25 रन का महत्वपूर्ण योगदान देकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया।
तमिलनाडु की ओर से टी. नटराजन और गुरजपनीत सिंह ने 1-1 विकेट हासिल किया, लेकिन अन्य गेंदबाज झारखंड के बल्लेबाजों पर अंकुश लगाने में नाकाम रहे।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी तमिलनाडु की टीम 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 179 रन ही बना सकी। टीम की ओर से साई सुदर्शन ने सर्वाधिक 64 रन की पारी खेली, जबकि तुषार रहेजा ने 27 और शिवम सिंह ने 23 रन बनाए। हालांकि, झारखंड के गेंदबाजों ने अनुशासित प्रदर्शन करते हुए मैच पर मजबूत पकड़ बनाए रखी।
झारखंड की ओर से सुशांत मिश्रा और बाल कृष्णा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 2-2 विकेट चटकाए और तमिलनाडु की रनगति पर ब्रेक लगाया।
इस मुकाबले में शानदार प्रदर्शन के लिए कुमार कुशाग्र को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
इस जीत के साथ झारखंड ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में अपनी मजबूत दावेदारी पेश कर दी है।
