खेलरांची

उमरिया में झारखंड ने रचा इतिहास, अंडर-14 बालक टीम बनी राष्ट्रीय फुटबॉल चैंपियन


पंजाब को पेनल्टी शूटआउट में हराया, शैलेश बेहरा बने “बेस्ट प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट”

रांची। झारखंड ने स्कूली फुटबॉल के राष्ट्रीय मंच पर इतिहास रच दिया है। मध्य प्रदेश के उमरिया में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूली फुटबॉल प्रतियोगिता (SGFI) में झारखंड की अंडर-14 बालक टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। रोमांचक फाइनल मुकाबले में झारखंड के खिलाड़ियों ने पंजाब को 6-5 से पेनल्टी शूटआउट (टाइब्रेकर) में हराकर खिताब अपने नाम किया।

यह प्रतियोगिता 1 दिसंबर से 6 दिसंबर 2025 तक उमरिया जिला मुख्यालय स्थित अमर शहीद स्टेडियम में आयोजित की गई थी। पूरे टूर्नामेंट के दौरान झारखंड टीम ने बेहतरीन तालमेल, मजबूत रणनीति, अनुशासन और अद्भुत जज्बे का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का दिल जीत लिया।

इस ऐतिहासिक जीत के नायक बने झारखंड के प्रतिभाशाली खिलाड़ी शैलेश बेहरा, जिन्हें उनके शानदार प्रदर्शन के लिए “बेस्ट प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट” के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उनकी तेज गति, गेंद पर नियंत्रण और निर्णायक गोलों ने टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

टीम के कोच इमरान खान और मैनेजर जितेंद्र कच्छप के कुशल मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने पूरे राज्य का नाम रोशन किया। टीम की इस सफलता पर राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि फुटबॉल झारखंड का सबसे लोकप्रिय खेल है और ‘खेलो झारखंड’ योजना के तहत खिलाड़ियों को मिल रहे मंच का ही यह सकारात्मक परिणाम है। उन्होंने कहा कि महज चार वर्षों में ही राज्य के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं, जो पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है।

इस बड़ी उपलब्धि पर मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, परियोजना निदेशक शशि रंजन, प्रशासी पदाधिकारी सच्चिदानंद द्विवेदी तिग्गा एवं राज्य खेल कोषांग से जुड़े सभी अधिकारियों ने टीम को हार्दिक बधाई दी और खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

झारखंड की इस ऐतिहासिक जीत से प्रदेश में खुशी की लहर है और युवाओं में खेल के प्रति नया उत्साह देखने को मिल रहा है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *