पलामू

स्वच्छता मैराथन में उपायुक्त ने 48 मिनट में लगाई 9 किलोमीटर की दौड़, अमानत नदी तट पर चला सफाई अभियान

पलामू, 2 अक्टूबर । स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान के तहत महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर शुक्रवार को पलामू में स्वच्छता मैराथन का आयोजन किया गया। समाहरणालय परिसर से सिंगरा स्थित अमानत नदी तट तक आयोजित इस मैराथन में उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने भी हिस्सा लिया और 48 मिनट में 9 किलोमीटर की दौड़ पूरी की।

उपायुक्त ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन का शुभारंभ किया और प्रतिभागियों के साथ खुद दौड़ते हुए अमानत नदी तट तक पहुंचे। मैराथन में प्रशासनिक पदाधिकारियों के अलावा बड़ी संख्या में युवा, खिलाड़ी, विभिन्न संस्थाओं के वॉलिंटियर्स और अन्य लोगों ने भाग लिया। प्रतिभागी छहमुहान, साहित्य समाज, पुलिस लाइन और बिस्फुटा चौक होते हुए सिंगरा पहुंचे।

अमानत नदी तट पर चला स्वच्छता अभियान

मैराथन के समापन के बाद अमानत नदी तट पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। प्रतिभागियों ने नदी किनारे बिखरे कचरे को एकत्र किया और उसे कचरा उठाव वाहन में डाला। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण भी किया गया।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को उपायुक्त ने मोमेंटो देकर सम्मानित किया। इसके बाद उन्होंने सभी पदाधिकारियों, युवाओं और प्रतिभागियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई।

स्वच्छता के लिए सामूहिक भागीदारी जरूरी : उपायुक्त

उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने कहा कि स्वच्छता मैराथन का उद्देश्य केवल यह तय करना नहीं है कि कौन पहले या दूसरे स्थान पर रहा, बल्कि लोगों तक स्वच्छता के प्रति मजबूत संदेश पहुंचाना है। जिस तरह लोग अपने घरों को साफ रखते हैं, उसी तरह नदी, नालों और सड़कों को स्वच्छ रखना भी सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता प्रबंधन केवल जिला प्रशासन या सरकार के भरोसे संभव नहीं है। इसके लिए आम लोगों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति स्वच्छता को अपनी जिम्मेदारी समझेगा, तभी स्वच्छ और सुंदर समाज का निर्माण संभव होगा।

उपायुक्त ने युवाओं और जिलेवासियों से स्वच्छता अभियान से लगातार जुड़ने और अपने आसपास के क्षेत्र को साफ रखने की अपील की।

कार्यक्रम में प्रशिक्षु आईएएस ऋतिक मेहता, जिला कल्याण पदाधिकारी प्यारे लाल, सदर एसडीएम संजय पांडे, एनडीसी नीरज कुमार, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के प्रतिनिधि सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *