Home

हथियार के साथ अपराधी गिरफ्तार, देसी कट्टा और कारतूस बरामद

पूर्वी सिंहभूम, 02 अक्टूबर । बागबेड़ा थाना क्षेत्र के वायरलेस मैदान में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान अनुप चक्रवर्ती उर्फ अनुप बंगाली (42) के रूप में हुई है।

सिटी एसपी ललित मीणा ने शुक्रवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि एक अक्टूबर की देर रात वरीय पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि अनुप चक्रवर्ती वायरलेस मैदान के आसपास हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना में उसके किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में होने की जानकारी दी गई थी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देश पर डीएसपी विधि-व्यवस्था सुमित कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया गया।

विशेष टीम ने वायरलेस मैदान पहुंचकर इलाके की घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से लोहे का देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस मिला। इस संबंध में बागबेड़ा थाना में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक अनुप चक्रवर्ती का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ जमशेदपुर के बागबेड़ा, बिष्टुपुर, जुगसलाई, साकची, बर्मामाइंस और परसुडीह सहित अन्य थाना क्षेत्रों में कई मामले दर्ज हैं। इसके अलावा चांडिल, गम्हरिया, चाकुलिया और रेलवे पुलिस से जुड़े मामलों में भी उसका नाम सामने आया है। उसके खिलाफ डकैती, चोरी, लूट, हत्या, हत्या के प्रयास, मारपीट और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

पुलिस अब आरोपित से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि उसके पास हथियार कहां से आया और वायरलेस मैदान में वह किस उद्देश्य से पहुंचा था। पुलिस उसके हाल के आपराधिक संपर्कों और संभावित साथियों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *