विदेश

इस्लामाबाद की शिया मस्जिद में आत्मघाती हमला, 31 नमाजियों की मौत, 169 से अधिक घायल

इस्लामाबाद में जुमे की नमाज के दौरान शिया मस्जिद पर आत्मघाती हमला, 31 की मौत,  पाकिस्तान की राजधानी हाई अलर्ट पर | Suicide Bombing Rocks Shia Mosque in  Islamabad ...


इस्लामाबाद। पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में शुक्रवार को जुमे की नमाज के दौरान एक शिया मस्जिद में हुए आत्मघाती हमले ने पूरे देश को दहला दिया। इस दर्दनाक विस्फोट में कम से कम 31 नमाजियों की मौत हो गई, जबकि 169 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना उस समय हुई जब मस्जिद परिसर में करीब 700 लोग नमाज अदा करने के लिए मौजूद थे और इमामबाड़ा खचाखच भरा हुआ था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नमाज के दौरान एक आत्मघाती हमलावर ने मस्जिद के अंदर खुद को विस्फोटकों से उड़ा लिया। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि मस्जिद के मुख्य गेट और आसपास की संरचना को भारी नुकसान पहुंचा। धमाके के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायल लोगों की चीख-पुकार से पूरा इलाका गूंज उठा।

हमले के बाद इस्लामाबाद जिला प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए शहर के तीन प्रमुख अस्पतालों में इमरजेंसी घोषित कर दी। घायलों के इलाज के लिए डॉक्टरों की विशेष टीम तैनात की गई है और प्रशासनिक अधिकारियों को अस्पतालों में निगरानी के लिए भेजा गया है।

इस हमले की जिम्मेदारी को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) ने आधिकारिक बयान जारी कर इस घटना में अपनी संलिप्तता से इनकार किया है। हालांकि, पाकिस्तानी सुरक्षा एजेंसियां इस हमले में टीटीपी, इस्लामिक स्टेट और अन्य आतंकी संगठनों की भूमिका की जांच कर रही हैं।

इस्लामाबाद कैपिटल टेरिटरी पुलिस के प्रवक्ता ताकी जवाद ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह आत्मघाती हमला प्रतीत हो रहा है। फोरेंसिक विशेषज्ञ विस्फोटकों की प्रकृति और हमले के पीछे शामिल तत्वों की पहचान करने में जुटे हैं। घटना के बाद पूरे इस्लामाबाद में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और प्रशासन अलर्ट पर है।







Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *