रांची

ग्रामीण क्षेत्रों में जमीन बिक्री होना घोर चिंता का विषय : मंत्री

रांची, 06 फ़रवरी। झारखंड की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने राज्यभर में बढ़ती जमीन दलाली पर गहरी चिंता जाहिर की है। उन्होंने कहा कि आज तेजी से ग्रामीण इलाकों में जमीन की बिक्री हो रही है, जो गंभीर चिंता का विषय है। ग्रामीणों को हर हाल में अपने गांव की अपनी जमीन को बचाना होगा, क्योंकि जमीन से हमारी पहचान जुड़ी है।

मंत्री शुक्रवार को रातू प्रखंड के तिगरा में शुक्रवार को आयोजित जिला स्तरीय कृषि मेला सह प्रदर्शनी सह कार्यशाला 2026 के उद्घाटन अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि बोल रही थी। मौके पर मंत्री ने ग्रामीणों से जल-जंगल और जमीन के संरक्षण को लेकर जागरूक रहने और संगठित होकर संघर्ष तेज करने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज को जाति और धर्म के नाम पर बांटने और तोड़ने का चक्रव्यूह रचने वाले राजनीतिक व्यापारियों से सतर्क रहने की जरूरत है। यदि लोग उनके चक्रव्यूह में फंस गए तो अपनी सामाजिक और सांस्कृतिक पहचान नहीं बचा पाएंगे।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने मेला परिसर में लगे विभिन्न विभागीय स्टॉलों का भ्रमण किया और किसानों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया। उन्होंने कहा कि पंचायत क्षेत्र में जिला स्तरीय कृषि मेला आयोजित करने का उद्देश्य ग्रामीण किसानों को विभागीय योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ दिलाना है। सरकार खेती-बाड़ी, पशुपालन, मत्स्य पालन और सहकारिता के माध्यम से किसानों को सफल और समृद्ध बनाने के लिए निरंतर योजनाएं चला रही है।

उन्होंने बताया कि कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग द्वारा 50 से 90 प्रतिशत तक की सब्सिडी पर किसानों को योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। मौके पर उन्होंने ट्रैक्टर, बाइक विथ आइस बॉक्स, केसीसी, संरक्षित फूलों की खेती, गाय वितरण और मिलेट मिशन के लाभुकों को लाभ प्रदान करने की बात कही। कार्यक्रम में सचिव अबू बक्कर सिद्दीक़ी, जेएससीए अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव, जिला परिषद अध्यक्ष निर्मला भगत सहित जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *