Home

हैदराबाद में झारखंड एकता समाज के स्थापना दिवस समारोह में शामिल हुए सुदेश महतो, बोले- प्रवासी झारखंडवासी राज्य की पहचान के सशक्त दूत

रांची, 29 जुलाई। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में आयोजित झारखंड एकता समाज के स्थापना दिवस समारोह में बुधवार को आजसू के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने प्रवासी झारखंडवासियों से राज्य की भाषा, संस्कृति और परंपराओं को देशभर में सशक्त पहचान दिलाने का आह्वान किया।

समारोह को संबोधित करते हुए सुदेश महतो ने कहा कि परदेश में रहते हुए भी झारखंड की पहचान, भाषा, संस्कृति और सामाजिक समरसता को मजबूत बनाने की यह पहल लगातार आगे बढ़नी चाहिए। उन्होंने कहा कि तेलंगाना में बसे सभी झारखंडवासी उनके परिवार का हिस्सा हैं और उनके सम्मान, सुख-दुख तथा प्रगति के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि झारखंड से बाहर रह रहे लोग अपनी पेशेवर उपलब्धियों के साथ-साथ राज्य की समृद्ध कला, संस्कृति, भाषा और परंपराओं के भी सशक्त प्रतिनिधि बनें, ताकि देशभर में झारखंड की विशिष्ट पहचान और मजबूत हो सके।

सुदेश महतो ने कहा कि झारखंड एकता समाज की ओर से मिला सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि झारखंड की संस्कृति, भाषा, परंपरा और सामाजिक एकता के प्रति समाज के विश्वास और सम्मान का प्रतीक है।

कार्यक्रम को झारखंड एकता समाज के अध्यक्ष विनोद यादव और महासचिव किशोर कुमार ने भी संबोधित किया। उन्होंने संगठन की गतिविधियों और प्रवासी झारखंडवासियों को एकजुट रखने के प्रयासों पर प्रकाश डाला।

इससे पहले हैदराबाद पहुंचने पर झारखंड एकता समाज के पदाधिकारियों और सदस्यों ने एयरपोर्ट पर सुदेश महतो का पारंपरिक तरीके से भव्य स्वागत किया। समारोह में बड़ी संख्या में प्रवासी झारखंडवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *