रांची

डीएसपीएमयू छात्र संघ ने प्रधान सचिव को सौंपा ज्ञापन, सीट कटौती वापस लेने समेत कई मांगें उठाईं

रांची, 29 जुलाई। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (डीएसपीएमयू) के आदिवासी छात्र संघ के अध्यक्ष विवेक तिर्की के नेतृत्व में बुधवार को एक प्रतिनिधिमंडल ने उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव राहुल पुरवार से मुलाकात कर छात्रहित से जुड़े विभिन्न शैक्षणिक और प्रशासनिक मुद्दों पर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने विश्वविद्यालय की व्यवस्थाओं में सुधार और छात्रों की समस्याओं के समाधान की मांग की।

छात्र संघ ने रखीं प्रमुख मांगें

प्रतिनिधिमंडल ने प्रधान सचिव के समक्ष विश्वविद्यालय में सीटों में की गई कटौती वापस लेने, झारखंडी एवं जनजातीय भाषाओं के साथ कथित भेदभाव समाप्त करने, गैर-शैक्षणिक गतिविधियों में संलिप्त शिक्षकों की जांच कराने, शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली लागू करने, छात्रों पर दर्ज कथित झूठे मामलों को वापस लेने, एआईसीटीई से संबंधित पाठ्यक्रमों की मान्यता प्रक्रिया जल्द पूरी करने तथा ‘एक व्यक्ति-एक पद’ सिद्धांत लागू करने की मांग रखी।

आदिवासी छात्र संघ के अध्यक्ष विवेक तिर्की ने कहा कि इन मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई होने से विश्वविद्यालय का शैक्षणिक वातावरण बेहतर होगा, प्रशासनिक पारदर्शिता बढ़ेगी और छात्रों के हितों की प्रभावी सुरक्षा सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि छात्र लंबे समय से इन मुद्दों को उठा रहे हैं और अब इनके समाधान का समय आ गया है।

तीन-चार महीने में छात्रसंघ चुनाव कराने का प्रयास

प्रधान सचिव राहुल पुरवार ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि छात्रहित से जुड़े सभी मुद्दों पर विभाग स्तर पर विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगले तीन से चार महीनों के भीतर विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव कराने की दिशा में आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने यह भी बताया कि विश्वविद्यालय में स्थायी शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया भी प्रगति पर है और इसे जल्द पूरा करने के लिए विभाग कार्य कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि विश्वविद्यालय में शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।

प्रतिनिधिमंडल में सीमा मुर्मू सहित आदिवासी छात्र संघ के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *