खेल

सब जूनियर महिला हॉकी: झारखंड ने पंजाब को हराकर सेमीफाइनल में बनाई जगह

रांची: रांची के मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में चल रही 16वीं हॉकी इंडिया सब जूनियर महिला राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2026 के आठवें दिन A डिवीजन के सभी चार क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले गए।

मेजबान हॉकी झारखंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पंजाब को 2-0 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। झारखंड की ओर से पुष्पा मांझी और संदीपा कुमारी ने एक-एक गोल दागे। वहीं सुगन सांगा को बेहतरीन प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

अन्य क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में ओडिशा ने महाराष्ट्र को 8-1 से हराया। ओडिशा की प्रियंका मिंज ने 4 गोल, प्रिंसेस प्रिया एक्का ने 2 गोल, जबकि किरण एक्का और स्वीटी कुजूर ने 1-1 गोल किया। महाराष्ट्र की ओर से अरवी रावत ने एकमात्र गोल दागा।

मध्यप्रदेश ने मिजोरम को 5-0 से पराजित किया, जिसमें नौशीन नाज ने शानदार 3 गोल किए। वहीं उत्तरप्रदेश ने हरियाणा को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई, जहां उसकी भिड़ंत अब झारखंड से होगी। दूसरे सेमीफाइनल में मध्यप्रदेश और ओडिशा आमने-सामने होंगे।

झारखंड टीम के सेमीफाइनल में पहुंचने पर हॉकी झारखंड और खेल विभाग के पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को बधाई दी है।

वहीं दूसरी ओर राजगीर में चल रही 16वीं हॉकी इंडिया सब जूनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप में झारखंड पुरुष टीम को पंजाब के हाथों 5-3 से हार का सामना करना पड़ा, जिससे टीम सेमीफाइनल में पहुंचने से वंचित रह गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *