रांची

बेल्जियम के विद्यार्थियों ने किया झारखंड विधानसभा का भ्रमण, स्पीकर रबीन्द्रनाथ महतो से की मुलाकात

रांची, 23 जुलाई। विश्वविद्यालय के स्टूडेंट एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत बेल्जियम से झारखंड दौरे पर आए विद्यार्थियों के दल ने गुरुवार को झारखंड विधानसभा का भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो से शिष्टाचार भेंट कर अपने झारखंड प्रवास के अनुभव साझा किए।

विधानसभा अध्यक्ष ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें झारखंड विधानसभा की ओर से प्रकाशित पुस्तक “सदन संवाद” स्मृति-चिह्न के रूप में भेंट की।

विद्यार्थियों ने झारखंड की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, सामाजिक विविधता, परंपराओं और स्थानीय जीवनशैली की सराहना करते हुए कहा कि यहां का सांस्कृतिक वैभव, प्राकृतिक सौंदर्य और लोगों का आत्मीय व्यवहार उनके लिए बेहद प्रेरणादायक रहा। उन्होंने कहा कि इस यात्रा से उन्हें झारखंड की संस्कृति और समाज को करीब से जानने का अवसर मिला।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो ने कहा कि ऐसे शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन के साथ-साथ विभिन्न देशों के बीच आपसी समझ, मैत्री और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी नई दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने आशा जताई कि इस तरह के कार्यक्रम भविष्य में भी दोनों देशों के विद्यार्थियों के बीच संबंधों को और मजबूत करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *