Home

केंद्रीय स्वास्थ्य परिषद सम्मेलन में झारखंड की स्वास्थ्य योजनाओं पर रखी जाएगी मजबूत पैरवी : इरफान अंसारी

नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मिले स्वास्थ्य मंत्री, राज्यहित के मुद्दों पर हुई चर्चा

रांची। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण परिषद (सीसीएचएफडब्ल्यू) की ओर से नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित 16वें केंद्रीय स्वास्थ्य परिषद सम्मेलन में देशभर की स्वास्थ्य योजनाओं, चुनौतियों और भविष्य की रणनीतियों पर मंथन किया जा रहा है। इसी क्रम में झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी सोमवार को नई दिल्ली पहुंचे और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात कर राज्य से जुड़े महत्वपूर्ण स्वास्थ्य विषयों पर चर्चा की।

स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने पर होगा मंथन

स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा की अध्यक्षता में आयोजित इस सम्मेलन में केंद्रीय राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव, अनुप्रिया पटेल सहित विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री भाग ले रहे हैं। सम्मेलन में राज्यों की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने, नई योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनस्वास्थ्य से जुड़े अहम विषयों पर विचार-विमर्श किया जा रहा है।

झारखंड के अधिकारों और जरूरतों को प्रमुखता से उठाया जाएगा

इरफान अंसारी ने कहा कि सम्मेलन में झारखंड की आवाज और राज्यहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती के साथ रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने, नई स्वास्थ्य परियोजनाओं को गति देने तथा आम जनता तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए परिषद के समक्ष महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे जाएंगे।

राज्यों को अपनी प्राथमिकताएं रखने का अवसर

उन्होंने बताया कि सम्मेलन के दौरान सभी राज्यों के प्रतिनिधियों को अपनी-अपनी स्वास्थ्य संबंधी प्राथमिकताओं और आवश्यकताओं को परिषद के समक्ष रखने का अवसर दिया जा रहा है। झारखंड भी अपनी स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, संसाधनों की उपलब्धता और जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करेगा, ताकि राज्य को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *