संत कबीर दास जयंती पर श्री कृष्ण प्रणामी मंदिर में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
272वें अन्नपूर्णा महाप्रसाद में हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद, भक्ति और सेवा का दिखा अद्भुत संगम
रांची। परम पूज्य डॉ. संत शिरोमणि स्वामी सदानंद महाराज के पावन सानिध्य में एम.आर.एस. श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित पुंदाग स्थित श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवाधाम एवं श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में संत कबीर दास जयंती श्रद्धा, भक्ति और सेवा भाव के साथ धूमधाम से मनाई गई। पूरे दिन मंदिर परिसर भक्ति संगीत, आध्यात्मिक वातावरण और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से गुंजायमान रहा।
श्री राधा रानी का हुआ भव्य श्रृंगार, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच लगा महाभोग
इस अवसर पर ट्रस्ट की ओर से 272वें श्री कृष्ण प्रणामी अन्नपूर्णा सेवा महाप्रसाद का भव्य आयोजन किया गया। मंदिर में विराजमान श्री राधा रानी का नवीन दिव्य वस्त्रों एवं आकर्षक आभूषणों से विशेष श्रृंगार किया गया। सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें दर्शन के लिए लगी रहीं।
दोपहर 12 बजे मंदिर के पुजारी अरविंद कुमार पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच लड्डू, फल, खिचड़ी, मेवा सहित विभिन्न प्रकार के महाप्रसाद का भोग अर्पित किया। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच मसालेदार वेजिटेबल खिचड़ी, शर्बत और आलू चिप्स का वितरण किया गया। मंदिर परिसर में दो हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया, जबकि दिनभर में चार हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन एवं पूजा-अर्चना की।
भजन संध्या में भक्तिमय हुआ वातावरण
आयोजन के दौरान आयोजित भजन संध्या ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। ट्रस्ट के भजन गायक मनीष सोनी ने संत कबीर दास, प्रभु श्याम और श्री राधा-कृष्ण की महिमा पर आधारित भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। भजनों पर श्रद्धालु भक्ति में झूम उठे।
संत कबीर के संदेश आज भी प्रासंगिक : वक्ता
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल एवं प्रवक्ता संजय सर्राफ ने संत कबीर दास के जीवन, उनके आध्यात्मिक विचारों तथा सामाजिक समरसता, प्रेम, सत्य और मानवता के प्रति उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संत कबीर ने जाति-पांति, ऊंच-नीच और सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठकर मानव मात्र को प्रेम, सद्भाव, सत्य और ईश्वर भक्ति का संदेश दिया, जो आज भी समाज के लिए उतना ही प्रासंगिक है।
बड़ी संख्या में श्रद्धालु रहे उपस्थित
इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल, निर्मल जालान, राजेंद्र अग्रवाल, मनोज चौधरी, सज्जन पाड़िया, सुरेश अग्रवाल, पूरणमल सर्राफ, शिव भगवान अग्रवाल, मधुसूदन जाजोदिया, नंदकिशोर चौधरी, अरविंद अग्रवाल, प्रभास गोयल, पवन अग्रवाल, संजय सर्राफ, सुरेश चौधरी, अंजनी अग्रवाल, विष्णु सोनी, पवन पोद्दार, सुरेश भगत, ज्ञान चंद्र शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
