रांची

खेल न केवल शारीरिक और मानसिक क्षमताओं में सुधार करते हैं, बल्कि तनाव भी कम करते हैं: आईजी

-दक्षिण छोटानागपुर खेल प्रतियोगिता का हुआ शुभारंभ

रांची, 07 नवंबर। रांची के कांके रोड स्थित पुलिस लाइन में शुक्रवार से तीन दिवसीय दक्षिण छोटानागपुर क्षेत्रीय पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि रांची जोन के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) मनोज कौशिक के साथ रांची के वरिय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन तथा सिमडेगा और खूंटी के पुलिस अधीक्षकों ने बैलून उड़ाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।

उद्घाटन अवसर पर बोलते हुए आईजी मनोज कौशिक ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक क्षमताओं को बढ़ाते हैं, बल्कि तनाव को भी कम करते हैं।। उन्होंने कहा कि तनाव पुलिस अधिकारियों के लिए एक चुनौती है, लेकिन इससे निपटने के लिए फिट रहना ज़रूरी है। यह केवल खेलों के ज़रिए ही हासिल किया जा सकता है।

रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने कहा कि पुलिसवालों के लिए खेलकूद दिनचर्या का अभिन्न अंग है। इसके माध्यम से लोग शारीरिक तौर सक्षम होते हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग के बेहतर प्रदर्शन के लिए यह आवश्यक है कि लोग पूरी तरह फिट रहें। इसलिए, पुलिस बल के लिए खेलों का महत्व और भी बढ़ जाता है।

दक्षिणी छोटानागपुर क्षेत्रीय पुलिस की इस प्रतियोगिता में वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, फुटबॉल, हैंडबॉल, हॉकी, कबड्डी, कराटे और दौड़ सहित एक दर्जन से अधिक खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को नेशनल गेम में खेलने का मौका मिलेगा।

इस प्रतियोगिता में रांची, लोहरदगा, सिमडेगा, खूंटी और गुमला जिले की पुलिस टीम भाग ले रही हैं। तीन दिनों तक चलने वाले इस प्रतियोगिता में पुलिसकर्मी खेल के क्षेत्र में अपना जौहर दिखाएंगे। उद्घाटन अवसर पर कई पुलिसकर्मी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *