खूंटी

खेल अनुशासन और नेतृत्व के गुण विकसित करते हैं: सुदीप गुड़िया

खूंटी, 03 सितंबर । तोरपा के संत जोसफ इंटर कॉलेज में आयोजित वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का गुरुवार को समापन हुआ। समापन समारोह में तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कॉलेज पहुंचने पर विद्यार्थियों और कॉलेज परिवार ने पारंपरिक गीत, नृत्य और नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया।

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक सुदीप गुड़िया ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक विकास के साथ-साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत केवल उन्हें बेहतर अवसर और उचित मंच उपलब्ध कराने की है।

इस अवसर पर विधायक ने कॉलेज के सचिव फादर बलधीर बरला के साथ संयुक्त रूप से नवनिर्मित मुख्य प्रवेशद्वार का फीता काटकर उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने बालिका वर्ग के कॉमर्स और आर्ट्स के फाइनल मुकाबले का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

विधायक ने कहा कि शिक्षा और खेल युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव हैं। शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक एवं खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं।

समारोह में कॉलेज के प्राचार्य तेज कुमार लिंडा, फादर बलधीर बरला, शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी, अभिभावक सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *