Home

देवी धाम नवरात्रि मेले की भीड़ को देखते हुए चली स्पेशल ट्रेन

पलामू, 16 अक्टूबर । पलामू के हैदरनगर स्थित प्रसिद्ध देवी धाम में नवरात्रि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ और यात्रियों की अतिरिक्त आवाजाही को देखते हुए रेलवे ने डेहरी ऑन सोन और गढ़वा रोड के बीच दुर्गापूजा स्पेशल ट्रेन का परिचालन शुरू किया है। यह ट्रेन 16 से 20 अक्टूबर तक प्रतिदिन चलेगी। हालांकि, परिचालन के पहले दिन शुक्रवार को ट्रेन अपने निर्धारित समय से एक घंटा 13 मिनट विलंब से डेहरी ऑन सोन से रवाना हुई और 3 घंटे विलंब से हैदरनगर पहुंची। यहां पहुंचने का समय दोपहर 1.27 है, लेकिन 4.40 बजे पहुंची। जबकि गढवा से 6 बजे शाम को खुलकर 7.37 बजे पहुंचने का समय निर्धारित है।

रेलवे के निर्धारित समय के अनुसार, ट्रेन संख्या ’03658’ को डेहरी ऑन सोन से दोपहर 12 बजे खुलना था, लेकिन यह दोपहर 1.13 बजे गढ़वा रोड के लिए रवाना हुई। वापसी में ट्रेन संख्या ’03657’ गढ़वा रोड से डेहरी ऑन सोन के लिए चलेगी। इस स्पेशल ट्रेन से जपला, हैदरनगर और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को त्योहार के दौरान आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।

उल्लेखनीय है कि हैदरनगर का प्रसिद्ध देवी धाम श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। राज्य सरकार ने इसे पर्यटन स्थल घोषित किया है। नवरात्रि के अवसर पर यहां लगने वाले मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। मेले के दौरान यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए देवी धाम पूजा कमेटी के पदाधिकारियों और हैदरनगर के नागरिकों ने डेहरी ऑन सोन से गढ़वा रोड के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने की मांग उठाई थी। इस मांग को स्थानीय प्रिंट और सोशल मीडिया में प्रमुखता से उठाया गया, जिससे रेलवे अधिकारियों का ध्यान इस ओर आकृष्ट हुआ। इसके बाद रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के मद्देनजर स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया।

धनबाद रेल मंडल की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, ट्रेन संख्या 03658 डेहरी ऑन सोन-गढ़वा रोड स्पेशल और ट्रेन संख्या 03657 गढ़वा रोड-डेहरी ऑन सोन स्पेशल का परिचालन 16 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक प्रतिदिन किया जाएगा। त्योहार के दौरान इस विशेष व्यवस्था से हैदरनगर देवी धाम आने वाले श्रद्धालुओं और क्षेत्र के आम यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *