रांची

नेहरू गर्ल्स हॉकी में झारखंड की बेटियों का जलवा, मध्य प्रदेश को 3-1 से हराकर सेमीफाइनल में पहुंचीं

रांची, 16 अक्टूबर । शिवाजी स्टेडियम दिल्ली में आयोजित 32वें चरणजीत राय नेहरू गर्ल्स हॉकी टूर्नामेंट में, झारखंड टीम ने मध्य प्रदेश को 3-1 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। यह जानकारी शुक्रवार को झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से जारी बयान में दी गई।

परिषद ने अपने बयान में बताया गया कि झारखंड की सीएम एक्सीलेंट गर्ल्स स्कूल, सिमडेगा की खिलाड़ियों ने मुकाबले की शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। टीम की ओर से सानिया तिर्की ने 21वें मिनट में पहला गोल किया। इसके बाद रेजिना कुल्लू ने 40वें मिनट और महिमा कुल्लू ने 55वें मिनट में गोल दागकर झारखंड की जीत सुनिश्चित की। मध्य प्रदेश विमेन हॉकी अकादमी, ग्वालियर की टीम एक गोल ही कर सकी।

शानदार प्रदर्शन के लिए झारखंड की रेजिना कुल्लू को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें शाहाबाद हॉकी टीम की कोच गुरमेल कौर ने फ्लैश हॉकी की ओर से सम्मानित किया।

राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए सोरेंग और राज्य खेल कोषांग के सदस्यों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए आगामी मुकाबलों में भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता नौ से 19 अक्टूबर 2026 तक आयोजित की जा रही है।

झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के मार्गदर्शन में राज्य की टीम प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही है। टीम के सहयोगी दल में कोच अभिषेक साहू, आरती बड़ाईक, मैनेजर एमा बारा और फिजियोथेरेपिस्ट निशु डुड्डी सहित अन्य लोग शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *