साउथ रेलवे कॉलोनी मैदान में विशेष ग्रीष्मकालीन क्रिकेट प्रशिक्षण शिविर शुरू
रांची: भारतीय लोक कल्याण संस्थान की खेलकूद इकाई रेलवे यूथ स्पोर्ट्स अकादमी के तत्वावधान में साउथ रेलवे कॉलोनी मैदान में आयोजित विशेष ग्रीष्मकालीन क्रिकेट प्रशिक्षण शिविर का गुरुवार से शुभारंभ हो गया। यह शिविर 22 मई से 30 मई 2026 तक संचालित किया जाएगा।
प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन वार्ड 46 की वार्ड सदस्य आरती कुमारी ने किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल बच्चों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन एवं समर्पण के साथ प्रशिक्षण लेने के लिए प्रेरित किया तथा आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना की।
शिविर में जिले एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में बालक एवं बालिकाएं भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण प्रतिदिन सुबह 6 बजे से 9:30 बजे तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें खिलाड़ियों को क्रिकेट की विभिन्न तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
प्रशिक्षण शिविर के पहले दिन खिलाड़ियों को फिजिकल फिटनेस, वार्म-अप, रनिंग, फील्डिंग ड्रिल, बैटिंग एवं बॉलिंग तकनीकों का अभ्यास कराया गया। इसके साथ ही खिलाड़ियों के खेल प्रदर्शन का वीडियो एनालिसिस कर उनकी तकनीकी कमियों को सुधारने और प्रतिभा को निखारने का प्रयास किया गया।
शिविर का संचालन बीसीसीआई के सीनियर वीडियो एनालिस्ट एवं एनआईएस क्रिकेट प्रशिक्षक चंद्रदेव सिंह के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर बच्चों में अनुशासन, फिटनेस और तकनीकी दक्षता विकसित करने में सहायक होते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से नियमित अभ्यास और समर्पण के साथ प्रशिक्षण लेने की अपील की।
संस्थान की ओर से बताया गया कि इच्छुक बालक एवं बालिकाएं अब भी शिविर में भाग ले सकते हैं। प्रशिक्षण शिविर के समापन पर सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा।
शिविर के सफल संचालन में अकादमी के प्रशिक्षकों एवं सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। खिलाड़ियों और अभिभावकों में प्रशिक्षण शिविर को लेकर खासा उत्साह देखा गया।
