पीएनजी विस्तार परियोजना की समीक्षा, झारखंड में गैस नेटवर्क विस्तार पर बनी रणनीति
रांची: संजय सेठ की अध्यक्षता में आयोजित GAIL India Limited की समीक्षा बैठक में झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा मुख्य रूप से शामिल हुए। बैठक में शहर में संचालित गैस पाइपलाइन एवं पीएनजी विस्तार परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान अधिक से अधिक घरों तक पीएनजी कनेक्शन पहुंचाने के उद्देश्य से विशेष टास्क फोर्स गठित करने एवं परियोजनाओं के कार्यों में तेजी लाने पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही यह निर्णय लिया गया कि प्रत्येक माह झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स और GAIL India Limited के बीच समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी।
इसके अलावा आगामी 29 मई को झारखंड चैंबर के नेतृत्व में होटल एसोसिएशन के सदस्यों एवं गेल इंडिया के अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित करने पर भी सहमति बनी।
बैठक में आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि झारखंड में कोल बेड मीथेन की प्रचुर उपलब्धता है, जिसका लाभ राज्य और यहां के उद्योगों को मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि गैस की उपलब्धता एवं दरें उद्योगों और उपभोक्ताओं के लिए आकर्षक एवं प्रतिस्पर्धी होनी चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि झारखंड में वर्तमान में पीएनजी पर 14 प्रतिशत वैट लागू है, जबकि पड़ोसी राज्य बिहार में इसकी दर कम है। इससे झारखंड में प्रतिस्पर्धात्मक असमानता उत्पन्न हो रही है। उन्होंने राज्य सरकार से उद्योग हित और पीएनजी के व्यापक उपयोग को बढ़ावा देने के लिए वैट दर में कमी करने की पहल करने की मांग की।
चैंबर अध्यक्ष ने गेल इंडिया से राज्य में कार्य निष्पादन के लिए वेंडरों की संख्या बढ़ाने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में कार्यों की गति काफी धीमी है, जिससे उद्योगों और उपभोक्ताओं को समय पर कनेक्शन एवं सेवाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने सुझाव दिया कि राज्य के सभी औद्योगिक क्षेत्रों को चरणबद्ध तरीके से पीएनजी नेटवर्क से जोड़ा जाए।
बैठक में जसविंदर सिंह एवं अजय भंडारी भी उपस्थित थे।
