Home

सिमडेगा की बेटियों ने बढ़ाया झारखंड का मान, भारतीय महिला हॉकी टीम में चयन

Simdega : कड़ी मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण ने सिमडेगा की दो बेटियों को बड़ा मुकाम दिला दिया है। जिले की प्रतिभाशाली खिलाड़ी संदीप मांझी और पुष्पा कुमारी का चयन अंडर-18 भारतीय महिला हॉकी टीम में हुआ है। दोनों खिलाड़ी अब चीन में होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। उनके चयन से पूरे जिले में खुशी और गर्व का माहौल है। दोनों खिलाड़ी सिमडेगा हॉकी सेंटर में लंबे समय से प्रशिक्षण ले रही थीं। मैदान पर समय की पाबंदी, लगातार अभ्यास और खेल के प्रति गंभीर रवैया ही उनकी सबसे बड़ी ताकत रही। अब उनकी मेहनत का नतीजा है कि वे भारतीय टीम की जर्सी पहनने जा रही हैं। संदीप और पुष्पा के चयन की खबर आते ही सिमडेगा में खुशी की लहर दौड़ गई। साथी खिलाड़ी, कोच और हॉकी पदाधिकारी इसे जिले के लिए बड़ी उपलब्धि मान रहे हैं। हर कोई दोनों खिलाड़ियों की सफलता पर गर्व महसूस कर रहा है।

“सिमडेगा लगातार देश को खिलाड़ी दे रहा है” – मनोज कोनबेगी

हॉकी पदाधिकारी मनोज कोनबेगी ने कहा कि दोनों खिलाड़ियों का चयन सिमडेगा के लिए गर्व का पल है। उन्होंने कहा कि सिमडेगा लगातार हर आयु वर्ग में देश को महिला हॉकी खिलाड़ी दे रहा है, जो यहां की मजबूत खेल संस्कृति का नतीजा है। उन्होंने यह भी बताया कि संदीप मांझी, सीनियर भारतीय खिलाड़ी संगीता कुमारी की छोटी बहन हैं, जिससे यह साफ होता है कि नई पीढ़ी अब बड़ी खिलाड़ियों से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ रही है।

“बचपन से ही मेहनती रही हैं दोनों” – कोच तारिणी कुमारी

सिमडेगा हॉकी सेंटर की कोच तारिणी कुमारी ने दोनों खिलाड़ियों के चयन पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि बचपन से ही दोनों में खेल के प्रति जुनून और लगन दिखती थी। उन्होंने बताया कि हॉस्टल में रहते हुए दोनों हमेशा अनुशासित रहीं और अभ्यास में कभी लापरवाही नहीं की। यही वजह है कि आज वे इस मुकाम तक पहुंची हैं।

साथी खिलाड़ियों ने दी शुभकामनाएं

साथी खिलाड़ी पिंकी कुमारी ने कहा कि दोनों का चयन पूरे टीम के लिए खुशी की बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों खिलाड़ी भारतीय टीम के लिए शानदार प्रदर्शन करेंगी और देश को जीत दिलाएंगी। हॉस्टल में प्रशिक्षण ले रही युवा खिलाड़ी अनीशा कल्लू ने कहा कि दोनों खिलाड़ियों की सफलता उनके लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि वह भी आगे चलकर भारतीय टीम में खेलना चाहती हैं और इनसे सीख लेकर आगे बढ़ेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *