बढ़ती गर्मी पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सख्त, सभी जिलों के अफसरों को दिए खास निर्देश

Ranchi : झारखंड में लगातार बढ़ रही गर्मी और हीटवेव को देखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रशासन को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने राज्य के सभी डीसी, पुलिस अधीक्षकों, थाना प्रभारियों, सीओ, बीडीओ और पंचायत अधिकारियों से कहा है कि आम लोगों को गर्मी से राहत दिलाने के लिए तुरंत जरूरी कदम उठाए जाएं। मुख्यमंत्री ने साफ कहा है कि सरकारी दफ्तरों के बाहर और सार्वजनिक जगहों पर लोगों के लिए पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही वहां स्पष्ट सूचना भी लगाई जाए, ताकि राहगीरों और आम लोगों को परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बीच लोगों को राहत देना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने सभी डीसी को निर्देश दिया है कि जहां कहीं भी पेयजल संकट की स्थिति हो, वहां तुरंत टैंकर के जरिए पानी पहुंचाया जाए। इसके अलावा खराब पड़े चापाकलों की मरम्मत और वैकल्पिक जल व्यवस्था भी जल्द सुनिश्चित करने को कहा गया है। उन्होंने साफ कहा कि किसी भी गांव, टोला या मोहल्ले में पानी की कमी से लोग परेशान नहीं होने चाहिए। हेमंत सोरेन ने कहा कि भीषण गर्मी के इस दौर में प्रशासन पूरी संवेदनशीलता, तत्परता और मानवीय दृष्टिकोण के साथ काम करे। लोगों की छोटी-छोटी समस्याओं को भी गंभीरता से लेने का निर्देश दिया गया है। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश के अंत में कहा कि जनहित सबसे ऊपर है और प्रशासन का हर कदम आम लोगों को राहत पहुंचाने वाला होना चाहिए। राज्य सरकार लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।
