रांची

शांतनु मिश्रा बने कांग्रेस के राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के प्रदेश अध्यक्ष

रांची, 15 अक्टूबर : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से शांतनु मिश्रा को राजीव गांधी पंचायती राज संगठन का झारखंड प्रदेश का अध्यक्ष बनाया गया है।

अपनी नियुक्ति पर उन्होंने गुरुवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया है।

शांतनु मिश्रा ने इस जिम्मेदारी के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल, प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रभारी के. राजू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश एवं सह-प्रभारी भूपेंद्र मरावी के प्रति आभार व्यक्त किया है।

पार्टी नेतृत्व के इस निर्णय से झारखंड में पंचायती राज व्यवस्था को सशक्त बनाने और संगठन को जमीनी स्तर पर एवं अधिक मजबूत करने की दिशा में नई ऊर्जा मिलेगी।

राजीव गांधी के विचारों और लोकतांत्रिक विकेंद्रीकरण की भावना के अनुरूप ग्राम सभाओं एवं पंचायतों को अधिकार संपन्न बनाना, ग्रामीण जनता की भागीदारी सुनिश्चित करना और गांवों के अंतिम व्यक्ति तक लोकतंत्र की शक्ति पहुंचाना संगठन की प्रमुख प्राथमिकता होगी।

शांतनु मिश्रा ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे इस जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ करेंगे। उन्होंने कहा कि वे झारखंड में राजीव गांधी पंचायती राज संगठन को पंचायत से लेकर प्रदेश स्तर तक मजबूत करने, जनहित के मुद्दों को उठाने तथा पंचायतों को उनके संवैधानिक अधिकार दिलाने के लिए निरंतर प्रयास करेंगे।

उन्होंने कहा कि सशक्त ग्राम सभा, अधिकार संपन्न पंचायत और जनभागीदारी पर आधारित लोकतंत्र ही राजीव गांधी के सपनों के भारत की वास्तविक नींव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *