पाकुड

पाकुड़ नगर परिषद अध्यक्ष पद पर शबरी पाल की बड़ी जीत, 2353 वोट से शेख सलीना सुलताना को हराया

पाकुड़

Pakur : पाकुड़ नगर परिषद चुनाव का नतीजा आखिरकार शुक्रवार को घोषित हो गया और अध्यक्ष पद की कुर्सी पर शबरी पाल ने कब्जा जमा लिया। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी शेख सलीना सुलताना को 2353 वोट के बड़े अंतर से हराया। नतीजा आते ही समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

42 टेबल पर चला मतगणना का काम

मतगणना सुबह आठ बजे से शुरू हुई। जिला प्रशासन की ओर से पूरी तैयारी की गई थी। 42 टेबल पर वोटों की गिनती हुई। चुनाव पर्यवेक्षक रणजीत लोहरा, उपायुक्त मनीष कुमार और एसपी निधि द्विवेदी खुद निगरानी में मौजूद रहे। सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे ताकि पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से पूरी हो सके।

पाकुड़

पहले राउंड से ही बढ़त, आखिर तक बनाए रखा दबदबा

गिनती के पहले टेबल से ही शबरी पाल ने बढ़त बनानी शुरू कर दी थी। धीरे-धीरे यह बढ़त मजबूत होती गई। मुकाबला कड़ा जरूर था, लेकिन हर राउंड में वह आगे ही रहीं। अंतिम चरण तक उन्होंने किसी भी प्रत्याशी को अपने करीब आने का मौका नहीं दिया और 2353 वोट से साफ जीत दर्ज कर ली।

निर्दलीय उम्मीदवार के आगे पार्टी प्रत्याशी पड़े फीके

इस चुनाव में खास बात यह रही कि शबरी पाल निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर मैदान में थीं। दूसरी ओर भाजपा, कांग्रेस और झामुमो जैसे बड़े दलों ने अपने-अपने प्रत्याशी उतारे थे। भाजपा ने पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष सम्पा साहा पर भरोसा जताया था। उनके समर्थन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे भी प्रचार के लिए आए थे। वहीं कांग्रेस ने मोनीता कुमारी और झामुमो ने शेख सलीना सुलताना को मैदान में उतारा था। लेकिन तमाम राजनीतिक समर्थन के बावजूद कोई भी शबरी पाल की लोकप्रियता के आगे टिक नहीं पाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *